Bharat Express DD Free Dish

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव पर उठाए सवाल, लगाए ये आरोप

Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना से पहले प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया.

Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना से ठीक पहले जन सुराज आंदोलन के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मतदान के दिन हुई घटनाओं और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं. प्रशांत किशोर का कहना है कि बीजेपी और जन सुराज कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को लेकर उन्होंने चुनाव अधिकारियों को शिकायत दी है. उनका आरोप है कि मतदान का माहौल निष्पक्ष नहीं रहा और कई जगहों पर मतदाताओं व कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया.

पुलिस और एसएसपी पर निशाना

जन सुराज प्रमुख ने पटना पुलिस और वहां के एसएसपी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए जन सुराज कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और उन्हें डराने की कोशिश की.उनका कहना है कि इस वजह से कई मतदाता खुलकर मतदान नहीं कर पाए.

‘कम मतदान के लिए प्रशासन जिम्मेदार’

प्रशांत किशोर ने कम मतदान प्रतिशत को लेकर भी प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि जानबूझकर मतदान की गति धीमी रखी गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग वोट नहीं डाल सके. उनका दावा है कि दोपहर बाद कई मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर रोका गया.

चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग

प्रशांत किशोर ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंप दी है. साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर वह चुनाव आयोग, नई दिल्ली से भी संपर्क करेंगे. उनका कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इन आरोपों की जांच जरूरी है.

बीजेपी पर आरोप

प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संभावित हार से घबराकर पार्टी ने इस तरह की घटनाओं को जन्म दिया. उन्होंने दावा किया कि उनके पास कई तथ्य और प्रमाण मौजूद हैं जो चुनाव के दौरान हुई अनियमितताओं को उजागर करेंगे.

ये भी पढ़ें-अमित शाह ने अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक पुरस्कार से किया सम्मानित, जमकर की तारीफ

सबूत पेश करने का ऐलान

जन सुराज प्रमुख ने घोषणा की कि वह रविवार सुबह 11 बजे मीडिया के सामने सबूत और दस्तावेज पेश करेंगे. ऐसे में मतगणना से पहले बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक माहौल और भी गरमाने की संभावना है. अब सबकी निगाहें चुनाव परिणामों और इन आरोपों पर होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read