CCTV ने खोला राज
Premanand Maharaj Disciple Death: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला चर्चा में है. मथुरा पुलिस इस घटना की जांच कर रही है. रसिक दुलारी की मौत चार मंजिला इमारत से गिरने के बाद हुई थी. अब घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें वह छत से नीचे जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल शुरुआती जांच में मामला खुद छत से कूदने का लग रहा है.
CCTV फुटेज में क्या नजर आया?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो में रसिक दुलारी कुछ देर छत की बाउंड्री पर बैठे दिखाई देते हैं. इसके बाद वह छत पर लेटते नजर आते हैं. कुछ समय बाद अचानक उठकर बाउंड्री की तरफ दौड़ते हैं और नीचे छलांग लगा देते हैं. घटना के बाद आश्रम का बताया जा रहा एक व्यक्ति भी वहां पहुंचता है और नीचे झांकता दिखाई देता है. हालांकि, पुलिस या किसी आधिकारिक एजेंसी ने अभी तक इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस की शुरुआती जांच में क्या सामने आया?
मामले की जांच कर रहे एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह चार मंजिला आवास से स्वयं कूदने का मामला प्रतीत होता है. पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं.
जबलपुर के रहने वाले थे दीपक लोधी
एसपी सिटी के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई. रसिक बिहारी शरण का वास्तविक नाम दीपक लोधी था और वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे. वह प्रेमानंद महाराज के पास साधक के तौर पर रह रहे थे. साधकों के चार मंजिला आवास से उनके गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
मोबाइल फोन की भी हुई फॉरेंसिक जांच
पुलिस ने घटनास्थल के साथ साधकों के आवास की भी जांच की है. इसके अलावा मोबाइल फोन से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं. दीपक के परिवार के लोग भी जबलपुर से वृंदावन पहुंच चुके हैं. पुलिस को परिवार की ओर से एक प्रार्थना पत्र भी मिला है. इसी के आधार पर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-PM मोदी ने फ्लाईदुबई के घायल कैप्टन स्मित मच्छार से की बात, बहादुरी को सराहा
किन परिस्थितियों में उठाया कदम, जांच का विषय
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया चार मंजिला इमारत से स्वयं कूदने की बात सामने आ रही है. हालांकि, आखिर किन परिस्थितियों में दीपक लोधी ने यह कदम उठाया और उस समय उनकी मानसिक स्थिति क्या थी, यह अभी जांच का हिस्सा है. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




