Bharat Express DD Free Dish

प्रेमानंद महाराज के आश्रम में क्या चल रहा है? CM योगी तक पहुंची शिकायत, आखिर नाराज होकर कहां चले गए महाराज?

Premanand Ashram Controversy: प्रेमानंद महाराज और केलिकुंज आश्रम को लेकर फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है. उन्होंने आश्रम में गुटबाजी, भूमाफिया से जुड़े लोगों और बच्चों के गायब होने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

Growing concern over Premanand Maharaj's security.

प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

Premanand Ashram Controversy: प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर वृंदावन में नया विवाद सामने आया है. फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर महाराज की सुरक्षा बढ़ाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. पत्र में उन्होंने दावा किया कि आश्रम के भीतर दो अलग-अलग गुट सक्रिय हैं. एक पक्ष में वास्तविक संत हैं, जबकि दूसरे गुट में कथित तौर पर ऐसे लोग हैं, जिनकी गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

केलिकुंज आश्रम को लेकर लगाए गंभीर आरोप

फलाहारी महाराज के मुताबिक, केलिकुंज आश्रम से जुड़े कुछ लोगों और कथित भूमाफिया से संबंध रखने वाले संतों से परेशान होकर प्रेमानंद महाराज बेलवन आश्रम चले गए हैं. उनका आरोप है कि केलिकुंज से जुड़े कुछ लोग प्रॉपर्टी के कारोबार में भी सक्रिय हैं. संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर दूसरे गुट की महाराज से नाराजगी होने का भी उन्होंने दावा किया है.

14 आश्रम बनाने का दावा

पत्र में फलाहारी महाराज ने आरोप लगाया है कि केलिकुंज आश्रम में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोग भी मौजूद हैं. उनका दावा है कि प्रेमानंद महाराज के नाम और प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए ऐसे लोगों ने करीब 14 आश्रम तैयार कर लिए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि प्रेमानंद महाराज के साथ कई तपस्वी संत भी बेलवन आश्रम पहुंच गए हैं. फलाहारी महाराज ने महाराज की सुरक्षा को देशहित से जुड़ा मुद्दा बताया है.

बच्चों के लापता होने का भी आरोप

फलाहारी महाराज ने केलिकुंज आश्रम से बच्चों के गायब होने का भी गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने आशंका जताई कि इन बच्चों को किडनी चोर गिरोह निशाना बना सकता है. उनका कहना है कि कथित भूमाफिया से जुड़े कुछ संतों के कारण प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा खतरे में है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. इसी वजह से उन्होंने सीएम योगी से सुरक्षा देने के साथ पूरे मामले की जांच की अपील की है.

तीन महीने से बेटे की तलाश में था परिवार

इसी विवाद के बीच 17 वर्षीय शिष्य अनुज चौधरी को लेकर भी मामला सामने आया. हाथरस निवासी अनुज का परिवार करीब तीन महीने से उसकी जानकारी जुटा रहा था. शुक्रवार को परिवार वृंदावन स्थित श्री राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गया. परिवार ने आरोप लगाया कि आश्रम प्रबंधन लगातार उन्हें गलत जानकारी दे रहा था और अनुज के बारे में सच्चाई छिपाई जा रही थी.

ये भी पढ़ें-CEC ज्ञानेश कुमार पर केरल सरकार की तलवार! जानिए क्या है 20 साल पुराना मामला

बरसाना के आश्रम में मिला अनुज

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिवार ने अपना धरना समाप्त कर दिया. शनिवार शाम पुलिस ने बताया कि अनुज बरसाना के एक आश्रम में मिल गया है. यह आश्रम वृंदावन से लगभग 45 किलोमीटर दूर है. पुलिस के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि अनुज वहीं रह रहा था. अब फलाहारी महाराज के आरोपों और आश्रम से जुड़े अन्य मामलों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read