Bharat Express DD Free Dish

जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में रचा गया इतिहास! 5 हजार लोगों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सीएम डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने 5000 लोगों के साथ योग किया. जानें राष्ट्रपति ने नर्मदा की पावन धरती से क्या दिया बड़ा संदेश?

president-droupadi-murmu-international-yoga-day-jabalpur-cm-mohan-yadav-news

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के मौके पर मध्य प्रदेश की संस्कारधानी ‘जबलपुर’ ने आज एक नया इतिहास रच दिया है. शहर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित राज्य के मुख्य कार्यक्रम में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिरकत की. 5 हजार से ज्यादा लोगों की मौजूदगी में जब राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने एक साथ योगाभ्यास किया, तो पूरा ग्राउंड ऊर्जा और उत्साह से भर उठा.

राष्ट्रपति का संदेश- योग विश्वकल्याण का सशक्त माध्यम

मंच पर पहुंचते ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मां नर्मदा की पावन भूमि जबलपुर से पूरे देशवासियों को योग दिवस की बधाई दी. उन्होंने अपने संबोधन में योग को भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि यह हमारे ऋषि-मुनियों की अथक साधना का ही फल है. योग व्यक्ति और समाज को प्रकृति से जोड़ता है और यही विश्वकल्याण का सबसे सशक्त माध्यम है. राष्ट्रपति ने देश के हर नागरिक से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं, क्योंकि स्वस्थ समाज से ही एक ‘स्वस्थ राष्ट्र’ का निर्माण हो सकता है.

सीएम मोहन यादव हुए गदगद

कार्यक्रम में मौजूद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस ऐतिहासिक पल को देखकर गदगद नजर आए. उन्होंने इसे मध्य प्रदेश के लिए सबसे बड़े ‘गौरव’ का क्षण बताया. सीएम ने हुंकार भरते हुए कहा, “योग मानवता के कल्याण के लिए भारत का सबसे बड़ा उपहार है. आज 175 से ज्यादा देशों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को अपना समर्थन दिया है. भारत ने योग के जरिए पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है.” सीएम ने प्रदेश के हर एक व्यक्ति से अपने जीवन में योग अपनाने की अपील की.

ये भी पढ़ें: कोलकाता के रेड रोड पर उमड़ा जनसैलाब: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी ने दिया ‘स्वस्थ आयु’ का महामंत्र

गैरिसन ग्राउंड में 5000 लोगों का ‘मेगा-शो’

जबलपुर का गैरिसन ग्राउंड आज एक भव्य योग स्थली में तब्दील हो चुका था. इस महा-आयोजन में राष्ट्रपति के साथ-साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और तमाम बड़े नेता शामिल हुए. सुबह 7 बजे से ही ग्राउंड में युवा, बच्चे, महिलाएं और छात्रों सहित करीब 5,000 लोग एक साथ योगाभ्यास करते नजर आए.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read