Bharat Express DD Free Dish

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब नहीं देंगे, बिना भाषण के पारित कराने की तैयारी

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर बड़ा अपडेट. सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना भी धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जा सकता है.

parliament budget session

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर जारी सियासी गतिरोध के बीच एक अहम जानकारी सामने आई है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब दिए बिना भी लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जा सकता है.

सूत्रों के मुताबिक, संसदीय परंपराओं के तहत प्रधानमंत्री का जवाब अहम माना जाता है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में सरकार बिना जवाब के भी धन्यवाद प्रस्ताव को वोटिंग के लिए आगे बढ़ा सकती है. विपक्ष के विरोध और हंगामे के बावजूद यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

हंगामे के चलते टला पीएम का भाषण

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार (4 फरवरी) शाम करीब पांच बजे लोकसभा में बोलना था. उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देना था. हालांकि, सदन में लगातार जारी जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने हालात को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी, जिसके चलते प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन टल गया.

इसके बाद अब सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव को प्रधानमंत्री के जवाब के बिना ही लोकसभा में पारित किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख की एक किताब के कुछ अंशों का मुद्दा सदन में उठाए जाने के बाद से लगातार हंगामा हो रहा है. इसी कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है और कामकाज ठप बना हुआ है.

विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने लोकसभा में हुए हंगामे का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ा है. मनोज तिवारी ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगता हुए कहा कि प्रधानमंत्री जहां बैठते हैं, विपक्ष के लोग वहां तक चढ़ गए थे. उन्होंने कहा कि विपक्ष की महिला सदस्यों ने पीएम की चेयर का घेराव किया और उनकी मंशा प्रधानमंत्री पर हमले की थी.

मनोज तिवारी ने आगे कहा कि विपक्ष की महिला सांसदों को हमारे वरिष्ठ मंत्री ने समझाया और वापस जाने का निवेदन करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री नहीं आ सकते. लेकिन महिला सांसद सुनने को तैयार नहीं थीं. मनोज तिवारी ने दावा किया कि विपक्ष के सांसद मारपीट करने वाले हाव-भाव के साथ आए थे.


ये भी पढ़ें: ‘विपक्ष की महिला सांसदों ने घेर ली पीएम मोदी की कुर्सी, नहीं दे पाए भाषण’, लोकसभा में कार्यवाही स्थगित होने के बाद क्या-क्या हुआ?


राहुल गांधी ने क्या कहा?

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला. उन्होंने एक्स में पोस्ट कर लिखा कि, “जैसा मैंने कहा, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे. राहुल गांधी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वो डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read