Bharat Express DD Free Dish

ज्ञान बिंदु कोचिंग डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत, खान ग्लोबल स्टडीज पर हमले का था आरोपी

Bihar News: पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर होटल में मौत हो गई. शराब पीने के बाद हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Bihar News: पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई है. वे विराटनगर के वार्ड नंबर‑9 स्थित एक होटल में अपने दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे. शनिवार देर रात शराब पीने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया.

दोस्तों के साथ ठहराव

प्रारंभिक जानकारी बताती है कि प्रिंस अपने कुछ साथियों के साथ होटल में रह रहे थे. देर रात शराब सेवन के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हुई. हालांकि असली वजह क्या है, यह अभी साफ नहीं है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. होटल में मौजूद दोस्तों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही होटल का रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की लिखित सहमति मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

FIR के बाद नेपाल में रह रहे थे

खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में दर्ज FIR में प्रिंस यादव का नाम भी शामिल था. इसी कारण वे अपने साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे. बताया जाता है कि वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में उनका नाम सामने आया था.

FIR में लगाए गए आरोप

खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े कन्हैया कुमार सिंह ने दर्ज कराई गई FIR में आरोप लगाया था कि 2 जून की रात रौशन आनंद के कहने पर प्रिंस यादव समेत कई लोग खान सर की कोचिंग पहुंचे थे. वहां गार्ड के साथ मारपीट की गई और परिसर में तोड़फोड़ की गई. शिकायत में कोचिंग के बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर की तस्वीर को नुकसान पहुंचाने का भी जिक्र था.

जेल में रौशन आनंद

इस विवाद में ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. रौशन आनंद फिलहाल जेल में हैं और उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है. वहीं खान सर के दो गार्ड भी जेल में बंद हैं, जिनकी जमानत पहले ही खारिज हो चुकी है. दूसरी ओर पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है.

ये भी पढ़ें-कभी 6, कभी 8… आखिर कैसे बना G-7? जिसकी समिट में दुनिया देखेगी पीएम मोदी का जलवा

रिपोर्ट का इंतजार

नेपाल पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है. उनके लिखित सहमति के बाद ही पोस्टमार्टम होगा. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि प्रिंस यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read