Prithvi Shaw Controversy: मुंबई में सांताक्रूज स्थित एक लग्जरी होटल के बाहर भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई और उनकी कार पर बेसबॉल बैट से हमला किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब पृथ्वी शॉ ने एक महिला ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ के साथ सेल्फी से इनकार कर दिया. जिसके बाद उनकी उक्त महिला और उसके पुरुष मित्र के साथ कहासुनी हुई.
बुधवार तड़के हुई इस घटना के बाद पुलिस ने ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ सपना गिल को बृहस्पतिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके मित्र शोभित ठाकुर और छह अन्य के खिलाफ दंगा करने तथा उगाही करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया.
गिल के वकील ने शॉ पर नशे में होने का आरोप लगाया और कहा कि क्रिकेटर ने ‘‘प्रतिष्ठा और हैसियत का दुरुपयोग’’ करते हुए लकड़ी के बैट से ‘इन्फ्लुएंसर’ पर हमला किया, जबकि पुलिस ने कहा कि गिल और ठाकुर घटना के समय नशे की हालत में थे.
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें शॉ के साथ हाथापाई होते देखा जा सकता है. एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब क्रिकेटर सांताक्रूज में घरेलू हवाई अड्डे के पास स्थित होटल में अपने एक व्यवसायी दोस्त के साथ खाना खाने गए थे. इस संबंध में शॉ के मित्र और कैफे संचालित करने वाले आशीष यादव ने शिकायत दर्ज कराई. यादव पिछले तीन साल से बांद्रा में शॉ के साथ रह रहे हैं.
अधिकारी ने कहा कि शिकायत के अनुसार, ठाकुर और गिल सेल्फी के लिए शॉ के पास आये. अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में क्रिकेटर ने उन्हें ऐसा करने दिया. अधिकारी ने कहा कि हालांकि, दोनों ने उनके साथ और सेल्फी लेने पर जोर दिया, तो शॉ ने अनुरोध ठुकरा दिया. अधिकारी ने कहा कि इसके बाद गिल और ठाकुर ने क्रिकेटर से बहस और बदसलूकी करनी शुरू कर दी.
उन्होंने कहा कि शिकायत में कहा गया है कि दोनों (गिल और ठाकुर) नशे की हालत में थे. उन्होंने बताया कि यह देखकर होटल के प्रबंधक ने हस्तक्षेप किया और शॉ के साथ सेल्फी की मांग कर रहे दोनों व्यक्तियों से परिसर से चले जाने को कहा. उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद शॉ और यादव ने होटल में रात का खाना खाया लेकिन जब शॉ अपने दोस्त के साथ उस जगह से बाहर निकल रहे थे, तो उन्होंने ठाकुर को हाथ में बेसबॉल बैट लिए देखा. उन्होंने कहा कि शॉ और यादव के कार में बैठने के बाद आरोपियों ने बेसबॉल बैट से गाड़ी के शीशे पर हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि शॉ को दूसरी कार में स्थानांतरित किया गया, जबकि यादव और अन्य लोग उनके वाहन को ओशिवारा ले गए.
उन्होंने बताया कि यादव ने तीन मोटरसाइकिल और एक सफेद रंग की कार को उनके वाहन का पीछा करते देखा. उन्होंने तड़के 4 बजे के आसपास, उनका पीछा कर रहे लोगों ने उनकी कार पर उस समय हमला किया जब वह लिंक रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न ले रहे थे. अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक ठाकुर ने बेसबॉल बैट से कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार गिल और ठाकुर सहित छह व्यक्तियों और कार में सवार अन्य व्यक्तियों ने यादव और उनके साथ के लोगों को अपशब्द कहे.
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद यादव कार को ओशिवारा थाने ले गए. उन्होंने कहा कि आठ आरोपी भी उनके पीछे वहां पहुंच गए. पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिल ने बहस शुरू कर दी और यादव को मामले को निपटाने के लिए 50,000 रुपये देने के लिए कहा और धमकी दी कि ऐसा नहीं किये जाने पर वह उनके खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराएगी. अधिकारी ने बताया कि इसके बाद यादव ने आरोपियों के खिलाफ एक शिकायत दी और उनकी शिकायत के आधार पर, ओशिवारा पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 143, 148, 384, 506 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.
इस बीच, गिल के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने कहा कि उनकी मुवक्किल निर्दोष हैं और उन्होंने शॉ से केवल सेल्फी लेने का अनुरोध किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि शॉ उस समय शराब के नशे में थे और उन्होंने हाथापाई की और लकड़ी के बैट से गिल पर हमला किया. देशमुख ने आरोप लगाया कि शॉ ने अपनी हैसियत का दुरुपयोग किया तथा गिल और उसके दोस्त ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी.
देशमुख ने दावा किया, ‘‘सपना गिल और उनके दोस्त (ठाकुर) पृथ्वी शॉ के प्रशंसक थे और उन्होंने उनसे एक सेल्फी के लिए अनुरोध किया. हालांकि, उन्होंने (शॉ ने) इनकार कर दिया, वह उस समय नशे में थे उन्होंने (शॉ) अपशब्द कहे और उनसे हाथापाई की.’’
ये भी पढ़ें: Delhi: दिल्ली में कार पार्क करने को लेकर विवाद, बाप-बेटे को दबंगों ने मारी गोली
उन्होंने कहा कि उनके पास यह दिखाने के लिए तस्वीरें हैं कि हमले के कारण गिल को उनकी बांह पर गंभीर चोटें आई हैं. देशमुख ने मांग की कि गिल को मेडिकल जांच के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया जाए, जो उनके अनुसार अभी भी ओशिवारा पुलिस स्टेशन में है.
-भाषा
MLC Election Results: चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चौंकाने वाले नतीजे…
Rajendra Pal Gautam Controversy: यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे…
FRRO के 'लीव इंडिया' नोटिस को चुनौती देने पहुंचे अभिनेता इमरान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट…
Allahabad High Court Court 49 lawyers violence contempt: इलाहाबाद हाईकोर्ट की कोर्ट 49 में हिंसा…
Dhanteras 2026: धनतेरस 2026 पर कुछ वस्तुओं का लेनदेन अशुभ माना जाता है. जानिए क्यों…
Mirzapur Politics: मिर्जापुर की सियासी गद्दी की जंग तेज हो गई है. अनुप्रिया पटेल को…