पंजाब और हरियाणा में भाजपा ने संगठन स्तर पर बड़े बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है. पंजाब में पार्टी ने केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. राजनीतिक गलियारों में इन दोनों नियुक्तियों को आने वाले चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है.
पंजाब में भाजपा ने ऐसे समय पर नेतृत्व बदला है, जब राज्य की राजनीति लगातार नए समीकरणों से गुजर रही है. 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी दिखाई दे रही है. इसी रणनीति के तहत केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की कमान दी गई है. इससे पहले यह जिम्मेदारी सुनील जाखड़ संभाल रहे थे.
पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी. इसके बाद से ही पंजाब भाजपा के अंदर नए नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है. केवल सिंह ढिल्लों का नाम राज्य की राजनीति में कोई नया नहीं है. वे बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और इलाके में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है. पिछले साल उन्होंने बरनाला सीट से उपचुनाव भी लड़ा था.
कांग्रेस से भाजपा तक का सफर
केवल सिंह ढिल्लों ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी. उन्होंने 2007 और 2012 में कांग्रेस के टिकट पर बरनाला से जीत दर्ज की थी. हालांकि बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया. 2022 में पार्टी में शामिल होने के बाद से वे लगातार संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. फिलहाल वे पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर काम कर रहे थे.
उनकी पहचान ऐसे नेता के रूप में होती है जो विकास कार्यों को लेकर काफी सक्रिय रहते हैं. पार्टी के भीतर भी उन्हें एक मेहनती और जमीन से जुड़े नेता के तौर पर देखा जाता है.
‘आप’ सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने साफ कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में दमदार प्रदर्शन करेगी. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी हमला बोला. उनका कहना था कि पंजाब की जनता से किए गए कई बड़े वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं और लोग बदलाव चाहते हैं.
उन्होंने दावा किया कि जैसे भाजपा ने दूसरे राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत की है, वैसे ही पंजाब में भी पार्टी तेजी से आगे बढ़ेगी. ढिल्लों ने यह भी कहा कि राज्य में सभी समुदायों को साथ लेकर विकास की राजनीति की जाएगी.
हरियाणा में भी नया चेहरा
उधर हरियाणा भाजपा में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है. पार्टी ने डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. इससे पहले यह जिम्मेदारी मोहनलाल बडौली निभा रहे थे. संगठन में लंबे समय से सक्रिय अर्चना गुप्ता को अब बड़ी जिम्मेदारी देकर भाजपा ने साफ संकेत दिए हैं कि वह महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाना चाहती है.
डॉ. अर्चना पेशे से डॉक्टर हैं और वर्तमान में प्रदेश महामंत्री के पद पर कार्य कर रही थीं. इसके अलावा वे विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़ी रही हैं. महिला मोर्चा में भी उन्होंने कई साल तक जिम्मेदारी संभाली है. पानीपत की जिलाध्यक्ष के तौर पर भी उनका कार्यकाल चर्चा में रहा.
राजनीति में आने के पीछे उनका मकसद महिलाओं और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाना बताया जाता है. पार्टी के भीतर उन्हें एक सक्रिय और संघर्षशील नेता माना जाता है.
ये भी पढ़ें: ‘काटना है तो खुद को काटो…लेकिन’: सार्वजनिक कुर्बानी पर भड़के बाल मुकुंद आचार्य, वायरल हुआ वीडियो
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




