शुक्रवार (24 अप्रैल) का दिन आम आदमी पार्टी के लिए किसी काले साये से कम नहीं है. पंजाब के दिग्गज नेता और AAP से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है. सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि उनके साथ AAP के 7 सांसद हैं, जिन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके साथ मंच पर सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे. राघव चड्ढा का कहना है कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है. इसी कारण वे दो-तिहाई सांसदों के समर्थन के साथ बीजेपी में शामिल (Raghav Chadha BJP joining) होने जा रहे हैं.
राघव चड्ढा का ‘कानूनी कवच’
राघव चड्ढा और उनके साथ सांसदों ने बीजेपी में जाने के लिए संविधान के नियमों का सहारा लिया है. राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 7 (यानी दो-तिहाई) एक साथ पार्टी छोड़ रहे हैं. ऐसा करने पर दलबदल कानून उन पर लागू नहीं होता. इस कदम को राजनीतिक विश्लेषक मास्ट प्लान के रूप में देख रहे हैं.
इस कदम से आम आदमी पार्टी की स्थिति कमजोर हो गई है. अब राज्यसभा में उसकी ताकत काफी घट जाएगी, जबकि बीजेपी को ऊपरी सदन में बड़ा फायदा मिल गया है, जिसकी उम्मीद शायद विपक्ष को भी नहीं थी.
क्या कहता है दलबदल कानून? (What is Anti defection law?)
इस कानून के अनुसार (Anti defection law India explained), अगर किसी पार्टी के कम से कम दो-तिहाई सांसद या विधायक एक साथ दूसरी पार्टी में शामिल हो जाते हैं, तो उनकी सदस्यता बनी रहती है. लेकिन अगर यह संख्या दो-तिहाई से कम होती है, तो ऐसे सदस्यों को अपना पद छोड़ना पड़ सकता है. यानी पर्याप्त संख्या होने पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि कम संख्या में दल बदलने पर सदस्यता खतरे में पड़ जाती है.
ये भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने जिस अशोक मित्तल के लिए छोड़ी थी कुर्सी, उन्हीं के साथ मिलकर ‘AAP’ को दिया सबसे बड़ा जख्म!
10 में से 7 सांसदों ने छोड़ी AAP
सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य अब बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह फैसला संविधान के नियमों के तहत लिया गया है. राघव चड्ढा के मुताबिक, उनके साथ पर्याप्त संख्या में सांसद हैं. इनमें हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शामिल हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
