आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने राजनीति की व्यस्तता के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर एक आम यात्री की तरह ‘उड़ान यात्री कैफे’ का अनुभव लिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की इस पहल की सराहना की, जहां उन्हें मात्र 10 रुपये में बेहतरीन चाय मिली.
चड्ढा ने लिखा कि अक्सर एयरपोर्ट्स पर पानी की बोतल 100 रुपये और चाय 250 रुपये की मिलती है, जिसे देखकर आम यात्री ठगा सा महसूस करता है लेकिन ‘उड़ान यात्री कैफे’ ने यह साबित कर दिया है कि प्रीमियम जगहों पर भी किफायती खाना और सर्विस मुमकिन है. दिल्ली जाने से पहले चड्ढा ने वहां मौजूद अन्य यात्रियों से भी बात की, जिन्होंने एक स्वर में कहा कि यह ‘पैसे वसूल’ सर्विस है और जेब पर बिल्कुल भारी नहीं पड़ती.
जब राघव चड्ढा ने खुद पी 10 रु वाली चाय
राघव चड्ढा दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे, लेकिन उड़ान भरने से पहले उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट पर बने इस नए ‘उड़ान यात्री कैफे’ का रुख किया. उन्होंने वहां न सिर्फ ₹10 की चाय का लुत्फ उठाया, बल्कि वहां मौजूद अन्य यात्रियों से भी गपशप की.
Visited the Udaan Yatri café at Mumbai Airport and had chai for just ₹10.
Was flying to Delhi and wanted chai before the flight. Spoke to several travellers while I was there. All of them happy, all of them saying the same thing: Easy on the pocket, good service, value for… pic.twitter.com/wOelXZ2iZS
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) March 30, 2026
सांसद ने इस अनुभव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि एयरपोर्ट पर किफायती खाना मुमकिन है और यह कैफे इसका जीता-जागता सबूत है.” उन्होंने बताया कि वहां मौजूद हर यात्री के चेहरे पर एक ही खुशी थी कि अब एयरपोर्ट का खाना जेब पर भारी नहीं पड़ रहा है.
2024 में संसद में उठाया था मुद्दा
आपको याद होगा कि 2024 के शीतकालीन सत्र में राघव चड्ढा ने ही सबसे पहले यह मुद्दा बड़ी जोर-शोर से उठाया था. उन्होंने सदन में सवाल किया था कि आखिर एयरपोर्ट पर चाय-नाश्ता इतना महंगा क्यों है कि एक साधारण यात्री उसे खरीदने की हिम्मत न जुटा पाए? उन्होंने मांग की थी कि पानी और चाय जैसी बुनियादी चीजें आम आदमी की पहुंच में होनी चाहिए. सरकार ने इस मांग को गंभीरता से लिया और नतीजा आज सबके सामने है.
ये भी पढ़ें: रामनवमी पर Nitesh Tiwari की रामायण का बड़ा अपडेट: हनुमान जयंती पर आएगा फर्स्ट लुक, लागत 4000 करोड़!
उड़ान यात्री कैफे: कहां और कब हुई शुरुआत?
दरअसल इस पहल की नींव 19 दिसंबर, 2024 को कोलकाता एयरपोर्ट से पड़ी थी. नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने देश का पहला ‘उड़ान यात्री कैफे’ जनता को समर्पित किया था. कोलकाता की सफलता के बाद अब इसे देश के अन्य बड़े एयरपोर्ट्स पर भी शुरू कर दिया गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




