भंवरी देवी हत्याकांड
Bhanwari Devi case: जोधपुर/ प्रदीप कुमार जोशी: लोहावट के चर्चित भंवरी देवी हत्याकांड को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई के नेतृत्व में चल रहे धरने के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग फलोदी पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
घर के बाहर सोते समय हुई हत्या
भंवरी देवी विश्नोई की 27 जुलाई की रात जंभेश्वर नगर में उनके घर के बाहर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि नकाबपोश हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया. इस घटना में उनकी दो बेटियां भी घायल हो गई थीं. वारदात के बाद से ही क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
हत्याकांड का खुलासा नहीं होने और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष है. इसी को लेकर पिछले कुछ समय से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को जल्द पकड़ना चाहिए.
SIT कर रही मामले की जांच
लगातार बढ़ते विरोध के बीच राजस्थान पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया है. DIG देवेंद्र विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है. इसके अलावा कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है. जांच टीम हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है.
ये भी पढ़ें: ‘घर का किराया देने के नहीं थे पैसे…’ बीजेपी छोड़ने पर शहजाद पूनावाला का छलका दर्द
गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. हजारों लोगों के एकजुट होकर प्रदर्शन करने से प्रशासन पर भी जल्द कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है. अब लोगों की नजर SIT की जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई पर है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
