Bharat Express DD Free Dish

राजस्थान में अवैध शराब पर बड़ा प्रहार: 1.40 लाख लीटर वॉश नष्ट, 172 गिरफ्तार, 633 केस दर्ज

Rajasthan illegal liquor raid: राजस्थान में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़े अभियान के तहत 1.40 लाख लीटर वॉश नष्ट किया है. इस कार्रवाई में 172 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 633 मामले दर्ज किए गए हैं.

Rajasthan illegal liquor raid
Edited by Sahil Singh

Rajasthan illegal liquor raid: राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 40 हजार 402 लीटर वॉश नष्ट किया है. 1 से 5 मई 2026 के बीच हुई इस कार्रवाई में 172 आरोपियों को गिरफ्तार कर 633 अभियोग दर्ज किए गए हैं.

जीरो टॉलरेंस से हुआ सफाया

यह अभियान आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाना है. राज्य सरकार ने 1 मई से विशेष ड्राइव शुरू कर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

1 लाख 40 हजार 402 लीटर शराब नष्ट

कार्रवाई के दौरान 3169 लीटर देशी शराब, 798 लीटर भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL), 1199 लीटर बीयर और 3698 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई. साथ ही एक चार पहिया और आठ दुपहिया सहित कुल 9 वाहन भी जब्त किए गए.

प्रदेश के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, अलवर, भरतपुर और दौसा समेत कई जिलों में व्यापक स्तर पर दबिश दी गई. कई स्थानों पर हजारों लीटर वॉश नष्ट करने के साथ अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया और बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई.


ये भी पढ़ें: बिहार में मंत्रीमंडल विस्तार: JDU के 16 मंत्री, बीजेपी के कितने? प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक कर गिनवाए सारे नाम!


होटल और ढाबों पर सख्त निगरानी

अभियान के तहत होटल, ढाबों और लाइसेंसधारी दुकानों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है, जबकि अन्य राज्यों से शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए नाकाबंदी और गश्त बढ़ाई गई है. अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए है, बल्कि जनस्वास्थ्य और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है.

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान 15 मई तक जारी रहेगा और पूरे प्रदेश में लगातार निगरानी, रेड और कानूनी कार्रवाई के जरिए अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने का प्रयास किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read