रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह.
India Pakistan PoK Issue: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें पाकिस्तान से यह उम्मीद नहीं है कि वह PoK को भारत के हवाले कर देगा. राजनाथ सिंह का मानना है कि PoK के लोग खुद यह मांग करेंगे कि उन्हें भारत के साथ जोड़ दिया जाए और जम्मू-कश्मीर के साथ एकीकृत कर लिया जाए.
रक्षा मंत्री ने कहा, “मैं पाकिस्तान से यह अपेक्षा नहीं करता कि वह हमें PoK वापस कर देगा. मेरा तो यह मानना है कि PoK के लोग ही यह मांग उठाएंगे कि हमें भारत में शामिल कर दिया जाए.” उनका यह भी कहना था कि भारत के आर्थिक विकास और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा को देखते हुए, PoK के लोग महसूस करने लगे हैं कि अगर उन्हें अपने क्षेत्र का विकास करना है, तो उन्हें भारत जैसे देश के साथ जुड़ना होगा.
‘PoK देश नहीं, बल्कि वह भारत का ही क्षेत्र है’
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि, “मैं PoK को देश नहीं कहता, बल्कि उसे क्षेत्र मानता हूं. अगर PoK के लोग भारत में शामिल होने की मांग करेंगे, तो पाकिस्तान मजबूर हो जाएगा. मुझे यह भी लगता है कि इसके लिए पाकिस्तान की सहमति की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी.”
भारत-पाकिस्तान के रिश्तों पर सिंह का बयान
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के साथ रिश्तों को लेकर भी अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश करता है, और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना भी भारत की प्राथमिकता है. उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हमेशा कहते थे, “हम दोस्त बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते.”
PoK की वापसी से कश्मीर मुद्दा हल होगा- जयशंकर
वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी कश्मीर मुद्दे पर बयान दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को खाली करने से कश्मीर का मसला पूरी तरह से हल हो जाएगा. जयशंकर ने लंदन के चैथम हाउस थिंक टैंक में अपने बयान में कहा कि कश्मीर के ज्यादातर मुद्दों का हल पहले ही निकाल लिया गया है. अनुच्छेद 370 को हटाना, कश्मीर में विकास और सामाजिक न्याय की बहाली, और चुनाव कराना जैसे कदम उठाए गए हैं.
उन्होंने कहा, “हम जिस हिस्से का इंतजार कर रहे हैं, वह कश्मीर के उस हिस्से की वापसी है, जिसे पाकिस्तान ने चुराया है. जब यह हो जाएगा, तो कश्मीर का मसला पूरी तरह से हल हो जाएगा.”
यह भी पढ़िए: लंदन में खालिस्तानियों का हंगामा, विदेश मंत्री एस जयशंकर की कार रोकने की कोशिश की…तिरंगा फाड़ा
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
