Bharat Express DD Free Dish

Rajya Sabha Election 2026: बिहार में महागठबंधन को झटका, 4 विधायकों की गैरहाजिरी से NDA को फायदा; पांचों सीटों पर जीत तय

Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव 2026 में बिहार की पांच सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. महागठबंधन के चार विधायकों के वोट न डालने से गठबंधन को बड़ा झटका लगा है.

Rajya Sabha Bihar Election 2026

Rajya Sabha Election 2026: देश में चल रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया आज (16 मार्च) अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं. अब सबकी नजर बाकी बची 11 सीटों पर है, जहां उम्मीदवारों की संख्या सीटों से ज्यादा है.

किन 11 सीटों पर वोटिंग?

जिन 11 सीटों पर मुकाबला है, उनमें बिहार की 5 सीटें, ओडिशा की 4 सीटें और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं. इन सीटों के लिए आज (16 मार्च) सुबह 9 बजे से मतदान जारी है.

बिहार में पांचवीं सीट किसकी?

बिहार राज्यसभा की बात करें तो यहां पर 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है. NDA की तरफ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, और उपेंद्र कुशवाहा (RLM) की जीत पक्की नजर आ रही है. हालांकि एक सीच के लिए पेंच फंसा हुआ जरूर नजर आ रहा था जिसपर बीजेपी के उम्मीदवार शिवेश कुमार और महागठबंधन के केंडिडेट अमरेंद्र धारी सिंह (RJD) दावा ठोक रहे. लेकिन अब पांचवीं सीट की भी स्थिति साफ नजर आ रही है.

NDA की जीत तय

बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है. सूत्रों के अनुसार इस चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि गठबंधन के चार विधायकों ने मतदान नहीं किया. जानकारी के मुताबिक, आरजेडी के विधायक फैसल रहमान ने वोट नहीं डाला, जबकि कांग्रेस के तीन विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास भी मतदान करने नहीं पहुंचे.


ये भी पढ़ें: राज्यसभा समर्थन के बदले MLC सीट की डील? ओवैसी के समर्थन से तेजस्वी को मिली बढ़त


इन चार विधायकों के वोट न देने से महागठबंधन का आंकड़ा घटकर 37 पर आ गया है. वहीं एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला है. ऐसे में एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है. माना जा रहा है कि उन्हें एनडीए के करीब 38 वोट मिल सकते हैं, जबकि आरजेडी के उम्मीदवार एडी सिंह को 37 वोट मिलने की संभावना है. वोटिंग खत्म होने के बाद अब जल्द ही मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read