Ram Rahim Parole: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर जेल से बाहर आने का मौका मिला है. हरियाणा सरकार ने उसे 30 दिन की पैरोल दी है. मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 34 मिनट पर वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला. इस दौरान जेल परिसर के बाहर सुरक्षा इंतजाम खास नहीं दिखे. यह 16वीं बार है जब राम रहीम पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आया है.
पहले भी कई बार मिली रिहाई
गुरमीत राम रहीम अब तक 430 से ज्यादा दिन जेल से बाहर बिता चुका है. जनवरी 2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी. इससे पहले भी वह कई बार पैरोल या फरलो पर बाहर आया है. अक्टूबर 2020 से लेकर मई 2026 तक अलग-अलग अवधि के लिए उसे रिहाई दी गई. कभी 12 घंटे, कभी 21 दिन, तो कभी 50 दिन तक वह जेल से बाहर रहा.

2017 से जेल में बंद
राम रहीम अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है. उसे दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने 20 साल की सजा सुनाई थी. इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या और डेरे के मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या के मामलों में भी वह दोषी पाया गया.
पैरोल पर उठते रहे सवाल
गुरमीत राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने पर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने कई बार आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि इतनी बार जेल से बाहर आना नियमों के खिलाफ है. वहीं प्रशासन का कहना है कि पैरोल पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत दी जाती है.
ये भी पढ़ें-चायवाले का संकल्प: मोदी युग के 12 साल पूरे, वो 10 फैसले जिन्होंने बदल दिया देश
पैरोल के दौरान कहां रहता है?
ज्यादातर बार जेल से बाहर आने पर राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रहे. सिरसा में मुख्यालय वाले इस संगठन के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य उत्तरी राज्यों में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं. यही वजह है कि उनकी हर रिहाई चर्चा का विषय बन जाती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
