Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

रजरप्पा में कोयला लदे ट्रक ने सवारी गाड़ी के उड़ाए परखच्चे, ताशा पार्टी के 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

Ramgarh जिले के Rajrappa में NH-23 पर कोयला लदे ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया, प्रशासन ने स्पीड कंट्रोल के लिए स्लाइडिंग बैरियर लगाने का आश्वासन दिया.

रिपोर्ट-मधुकर आनंद


झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र से एक बेहद रूह कंपा देने वाली और बड़ी खबर (Ramgarh road accident) सामने आई है. यहां बुध बाजार स्थित एनएच-23 (NH-23) पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

घायलों को स्थानीय सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहद नाजुक हालत में रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया.

कोयला लदे बेकाबू ट्रक ने मारी सीधी टक्कर(Ramgarh road accident)

चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार में आ रहे एक कोयला लदे ट्रक ने ताशा पार्टी (बैंड-बाजा समूह) के लोगों से ठसाठस भरी एक सवारी पिकअप वैन को सामने से सीधी और जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.

पिकअप वैन में बैठे ताशा पार्टी के सभी लोग गाड़ी के मलबे के नीचे ही बुरी तरह दब गए. सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गैस कटर व स्थानीय लोगों की मदद से सबको बाहर निकाला, लेकिन तब तक 7 लोगों की सांसें थम चुकी थीं.

आजसू नेता पीयूष चौधरी के नेतृत्व में चक्का जाम

इस दर्दनाक हादसे के बाद रजरप्पा बुध बाजार इलाके में जन-आक्रोश भड़क उठा. आजसू (AJSU) नेता पीयूष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण विभिन्न मांगों और मुआवजे को लेकर सड़क पर बैठ गए, जिससे एनएच-23 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

ग्रामीणों का कहना था कि इस ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर और प्रॉपर लाइटिंग न होने के कारण यहां लगातार मौतें हो रही हैं. बाद में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद ही इस महा-जाम को हटाया जा सका.

स्पीड कंट्रोल के लिए लगेगा स्लाइडिंग बैरियर

हादसे (Ramgarh road accident) की भयावहता को देखते हुए रामगढ़ के एसडीपीओ (SDPO) आलोक रंजन और हेडक्वार्टर डीएसपी अकरम रज़ा सहित रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता पर बात करते हुए एसडीपीओ आलोक रंजन ने कहा कि ग्रामीणों ने जो भी जायज मांगें रखी हैं, उन्हें जल्द ही संबंधित विभाग को भेजा जाएगा. इसके साथ ही इस खूनी सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए तुरंत ‘स्लाइडिंग बैरियर’ लगाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को पूरी तरह रोका जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital