Bharat Express DD Free Dish

एक झटके में उजड़ गईं 4 जिंदगियां! खड़े ट्रक से टकराई कार, मातम में बदला सफर

Rampur Road Accident: रामपुर के टांडा-मुरादाबाद रोड पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार ईको कार टकरा गई, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना, जबकि डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं.

Rampur Road Accident

Rampur Road Accident

Rampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। टांडा-मुरादाबाद रोड पर मक्का से लदे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार ईको कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

कार में सवार थे सात लोग

जानकारी के अनुसार, हादसा टांडा थाना क्षेत्र में हाजी क्लॉथ हाउस के सामने हुआ. दिल्ली से आ रही ईको कार में कुल सात लोग सवार थे. दुर्घटना में कार्तिक, नीरज, गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और अभिषेक अग्निहोत्री की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं विशाल अग्निहोत्री, कमल प्रजापति और जतिन राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भयावह थी कि कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

घायलों को अस्पताल से किया गया रेफर

घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

मौके पर पहुंचे एसपी, डीएम ने दिए जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल भी जाना. वहीं जिलाधिकारी (डीएम) ने घटना का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.

यह भी पढ़ें: सरकार E20 वापस क्यों नहीं लेगी? किसानों से कैसे जुड़ा है पूरा मामला?

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और खड़े ट्रक से टक्कर हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ट्रक सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read