Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 27 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Lok Sabha Election 2024

आज की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 27 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें-

कांग्रेस गोकशी को खुली छूट देना चाहती है’- CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष ‘इंडिया’ गठबंधन और इसके प्रमुख घटक दल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाइयों-बहनों…उन ‘विषधर’ लोगों को वोट नहीं दिया जाना चाहिए जो ‘भारत माता की जय’ बोलने और ‘वंदे मातरम’ गाने से भी झिझकते हैं. CM योगी बोले- ‘उनको वोट देना मतलब भारत के खिलाफ साजिश रचने वालों को सम्मान देना.’ CM योगी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि ये लोग अल्पसंख्यकों (मुस्लिम समुदाय) को उनकी पसंद के खाने की छूट देना चाहते हैं, यानी ये गोकशी की छूट देने की बात कर रहे हैं.

कांग्रेस ने केरल में सत्तारूढ़ पार्टी पर लगाया चुनावी मशीनरी को कब्जा करने का आरोप

केरल की 20 लोकसभा सीट पर मतदान के एक दिन बाद कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में मतदाताओं को परेशान किया गया और सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चुनावी मशीनरी को अपने कब्जे में ले लिया ताकि मतदान प्रतिशत कम रहे. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि माकपा द्वारा चुनावी मशीनरी को कथित रूप से अपने कब्जे में लिया जाना 2019 के लोकसभा चुनावों की तुलना में इस साल मतदान प्रतिशत कम रहने का एक कारण है.

उज्ज्वल निकम को BJP ने दिया टिकट

आतंकी कसाब को फांसी दिलवाने वाले वकील उज्ज्वल निकम को BJP ने अपना उम्मीदवार बनाया है. मुंबई के उत्तर मध्य सीट से बीजेपी ने वकील उज्ज्वल निकम को टिकट दिया है. इस सीट से कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ के सामने अब उज्ज्वल निकम चुनावी मैदान में होंगे. वहीं पार्टी ने यहां से पूनम महाजन का टिकट काट दिया है.

लोकसभा चुनाव : महाराष्ट्र में आठ सीटों पर संशोधित मतदान 59.63 प्रतिशत दर्ज

निर्वाचन आयोग ने आज शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र में आठ लोकसभा सीटों पर संशोधित मतदान 59.63 प्रतिशत रहा. इन सीटों पर एक दिन पहले मतदान हुआ था. निर्वाचन आयोग के ‘वोटर टर्नआउट ऐप’ पर उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्धा में 62.65 प्रतिशत, अकोला में 58.09 प्रतिशत, अमरावती में 60.74 प्रतिशत, बुलढाणा में 58.45 प्रतिशत, हिंगोली में 60.79 प्रतिशत, नांदेड में 59.57 प्रतिशत, परभणी में 60.09 प्रतिशत और यवतमाल-वाशिम में 57 प्रतिशत मतदान हुआ. गत शुक्रवार रात को 56.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, हालांकि अधिकारियों ने कहा था कि कई मतदान केंद्रों से अभी आंकड़ें मिल रहे हैं जिसके कारण इसमें संशोधन किया जाएगा.

दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए ‘आप’ के ‘वॉर रूम’ का उद्घाटन

दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘वॉर रूम’’ का उद्घाटन शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने किया. ‘आप’ ने राष्ट्रीय राजधानी की सात लोकसभा सीट में से चार पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन की उसकी सहयोगी कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है. सात चरण के चुनाव के छठे दौर में 25 मई को इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा. ‘आप’ की दिल्ली इकाई के संयोजक राय ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर ‘आप’ मुख्यालय में स्थित ‘‘वॉर रूम’’ में विभिन्न उद्देश्यों के लिए 12 टीम होंगी.

डीएसजीएमसी के सदस्य भाजपा में शामिल हुए

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में सिख शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये. इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने अल्पसंख्यक समुदाय की मदद के लिए सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि अगर किसी ने वास्तव में समुदाय के लिए काम किया है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं. नड्डा ने कहा कि करतारपुर साहिब गलियारा शुरू करना, स्वर्ण मंदिर में दान के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) पंजीकरण और 1984 के सिख विरोधी दंगों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करना जैसे कदम केंद्र सरकार की ओर से उठाए गये.

यदि भाजपा सत्ता में लौटती है तो वह संविधान बदल देगी, लोगों के अधिकार छीन लेगी: प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शीर्ष नेतृत्व भले ही अभी इस बात से इनकार करने का दिखावा कर रहा हो, लेकिन अगर पार्टी सत्ता में वापस आई तो वह संविधान बदल देगी और लोगों को उनके अधिकारों से वंचित कर देगी. प्रियंका ने आदिवासी बहुल वलसाड जिले के धरमपुर गांव में एसटी (अनुसूचित जनजाति)-सुरक्षित वलसाड लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अनंत पटेल के समर्थन में आयोजित एक रैली में कहा, ‘‘भाजपा नेता और उम्मीदवार कह रहे हैं कि वे संविधान बदल देंगे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे इनकार कर रहे हैं. यह उनकी रणनीति है.’’

कुछ दिन और इंतजार करिए : खरगे ने अमेठी, रायबरेली सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों पर कहा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नाम ‘‘कुछ दिन’’ में घोषित किए जाएंगे. खरगे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कहती है कि भ्रष्टाचारियों को जेल में डाला जाना चाहिए लेकिन जब भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे नेता भाजपा में शामिल होते हैं तो उन्हें ‘‘गोद में बिठाया’’ जाता है और राज्यसभा या विधानसभा भेजा जाता है. खरगे ने अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘आपको कुछ दिन और इंतजार करना होगा…जब लोगों से मुझे उम्मीदवारों के नाम मिल जाएंगे और मैं अधिसूचना पर हस्ताक्षर कर दूंगा तो इसकी घोषणा की जाएगी.’’

सपा ने शाहजहांपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी को बदलकर ज्योत्सना गोंड को मौका दिया

समाजवादी पार्टी (सपा) ने शाहजहांपुर लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बदलते हुए अब ज्योत्सना गोंड को मौका दिया है. एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सपा की ओर से 22 अप्रैल को राजेश कश्यप ने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकिन अंतिम समय में 24 अप्रैल को सपा की ओर से ज्योत्सना गोंड ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया जिसके चलते राजेश कश्यप का नामांकन जांच के बाद निरस्त कर दिया गया. अधिकारी ने बताया कि जब सपा की ओर से दूसरे प्रत्याशी (ज्योत्सना) को अधिकृत किया गया तब पूर्व में नामांकन करने वाले प्रत्याशी राजेश कश्यप निर्दलीय हो गये. उन्होंने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशी के लिए 10 प्रस्तावक होते हैं जो उनके नामांकन में नहीं थे, ऐसे में राजेश का नामांकन निरस्त कर दिया गया है.

अबू आसिम आजमी ने लोकसभा चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवार न उतारने को लेकर नाराजगी जाहिर की

समाजवादी पार्टी के विधायक और महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने भी राज्य में लोकसभा चुनाव में MVA की ओर से मुस्लिम उम्मीदवार न उतारने को लेकर नाराजगी जाहिर की है. अबू आजमी ने कहा मुस्लिम समाज कांग्रेस के लिए अछूत हो गया है,इसलिए मुस्लिम समाज को अनदेखा किया जा रहा है. अबू आजमी ने साफ तौर पर कहा कि ये बेहद ही शर्मनाक बात है की कांग्रेस एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव मैदान में नहीं उतार सकी.महाविकास अघाडी ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से किसी भी मुस्लिम उम्मीदवार को सीट नहीं दिया. अबू आजमी ने कहा समाजवादी पार्टी ने महाराष्ट्र में दो सीट की मांग किया था,लेकिन कांग्रेस ने राज्य में अपर्याप्त हिस्सेदारी का हवाला देते हुए मांग को खारिज कर दिया और एक भी सीट नहीं दिया, हमारे लिए यह शर्म की बात है लेकिन ठीक है नहीं दिया,फिर भी हम गंठबंधन में है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital