Bharat Express DD Free Dish

जम्मू-कश्मीर: जम्मू के नरवाल इलाके में मिले तीन RPL शेल, सुरक्षा बलों ने किया निष्क्रिय; इलाके में मचा हड़कंप

जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के नरवाल क्षेत्र में तीन आरपीजी शेल मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने समय रहते शेल को निष्क्रिय किया. जांच जारी है, इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

Jammu Kashmir News

जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के नरवाल क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब वहां तीन आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) शेल बरामद किए गए. स्थानीय नागरिकों द्वारा संदिग्ध वस्तु की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा. प्रारंभिक जांच के दौरान ये तीन खतरनाक आरपीजी शेल मिले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने तुरंत कार्यवाही करते हुए तीनों आरपीजी शेल को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान इलाके की घेराबंदी की गई और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया.

सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच, आतंकी साजिश की आशंका

सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि ये शेल वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है. प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि यह किसी आतंकी साजिश का हिस्सा हो सकता है या फिर हथियारों के जखीरे को छिपाने का प्रयास किया गया हो. पूरे नरवाल क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय सूत्रों से पूछताछ की जा रही है.

हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, ड्रोन के जरिए हथियारों की सप्लाई की आशंका

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं. हाल के दिनों में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियारों की सप्लाई और आतंकी गतिविधियों की आशंकाएं पहले भी जताई जा चुकी हैं.

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. समय रहते मिली सूचना और सुरक्षा बलों की तत्परता की वजह से एक बड़ी दुर्घटना टल गई. फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: मोदी सरकार के अहम फैसले— खरीफ फसलों की MSP बढ़ाई, किसानों को सस्ता कर्ज; सड़क-रेलवे की परियोजनाएं मंजूर

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read