Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

महाकुंभ भगदड़ पर संसद में हंगामा, विपक्ष ने सरकार को घेरा; नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने कहा- ‘भगदड़ से हजारों लोगों की मौत हुई’

महाकुंभ में भगदड़ के मुद्दे पर संसद में विपक्ष ने सरकार को घेरा, सरकार पर मौतों का सही आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाया और पारदर्शिता की मांग की. विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में हंगामा किया और स्पीकर से चर्चा की मांग की.

Mallikarjun Kharge

राज्यसभा में बोलत हुए कांग्रेस नेता मल्लिका अर्जुन खड़गे (फोटो ट्विटर)

संसद के बजट सत्र के तीसरे दिन महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा. सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया. विपक्ष ने सरकार पर मौतों का सही आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाया और पारदर्शिता की मांग की.

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “29 जनवरी को महाकुंभ में भगदड़ से हजारों लोगों की मौत हुई.” इस पर सभापति जगदीप धनखड़ ने उनके इस बयान को वापस लेने को कहा.

खड़गे ने जवाब दिया, “यह मेरा अनुमान है. अगर यह गलत है, तो सरकार को सही आंकड़ा बताना चाहिए. अगर मैं गलत हूं, तो माफी मांगने के लिए तैयार हूं. लेकिन सरकार को सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए.”

लोकसभा में विपक्षी सांसदों का वॉकआउट

लोकसभा में भी विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया और स्पीकर ओम बिरला से चर्चा की मांग की. बिरला ने कहा, “आपको जनता ने सवाल पूछने के लिए भेजा है, मेज तोड़ने के लिए नहीं.” इसके बावजूद विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी. वे सरकार से मृतकों की वास्तविक संख्या बताने की मांग कर रहे थे.

हंगामे के बाद विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर वापस आ गए.

क्या हुआ था महाकुंभ में?

28 जनवरी की रात 2 बजे प्रयागराज के संगम तट पर मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से पहले भगदड़ मच गई. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से हालात बिगड़ गए. प्रशासन के अनुसार, 44 घाटों पर करीब 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे थे.

इससे पहले, 27 जनवरी को भी संगम में करीब 5.5 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके थे. यूपी सरकार ने घटना के 17 घंटे बाद 30 लोगों की मौत और 60 लोगों के घायल होने की पुष्टि की. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है.

एसडीएम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि 29 जनवरी को 40 से 50 शव वहां मौजूद थे. वहीं, मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में एक स्वास्थ्यकर्मी ने दावा किया कि 20 शव अब भी रखे हुए हैं. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी.


ये भी पढ़ें- सपा सांसद जया बच्चन का विवादित बयान, ‘महाकुंभ में नदी में फेंके गए शव, इससे जल हुआ दूष‍ित’


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital