Bharat Express DD Free Dish

कौन है दिल्ली को तबाह करने वाला ‘जीरा मच्छर’? आंखों में घुसकर कर रहे अंधा

Sadar Bazaar में ‘जीरा मच्छरों’ का आतंक, दुकानदार और ग्राहक परेशान. गंदगी और जलजमाव के कारण बढ़ी समस्या, लोगों में खुजली और आंखों के संक्रमण के केस बढ़े…

रिपोर्ट- राजीव कुमार तिवारी


Delhi Sadar Bazaar Mosquito Problem: देश की सबसे बड़ी होलसेल मार्केट ‘सदर बाजार’ इन दिनों एक अजीबोगरीब मुसीबत की चपेट में है. दरअसल पिछले एक हफ्ते से यहाँ छोटे-छोटे ‘जीरा’ मच्छरों ने ऐसा आतंक मचाया है कि लोगों का वहां रुकना मुश्किल हो गया है. बता दें कि ये मच्छर इतने आक्रामक हैं कि न केवल दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि खरीदारी करने आने वाले लोग भी खुजली और आंखों में संक्रमण का शिकार हो रहे हैं.

जानें कैसे मचा रहे आतंक?(Sadar Bazaar Mosquito Problem)

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, इन छोटे मच्छरों की तादाद इतनी ज्यादा है कि ये लोगों के कपड़ों पर काली चादर की तरह चिपक जाते हैं. ये मच्छर साइज में बहुत छोटे हैं, लेकिन इनका डंक इतना तेज है कि काटते ही शरीर पर तेज खुजली और लाल निशान पड़ रहे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जिनकी आंखों में ये मच्छर सीधे घुस रहे हैं, जिससे आंखों में तेज जलन और सूजन की शिकायतें बढ़ रही हैं.

गंदगी और प्रशासन की अनदेखी बनी वजह

सदर बाजार के लोगों का आरोप है कि इलाके में बढ़ती गंदगी और जलजमाव की वजह से इन मच्छरों की पैदावार बढ़ी है. दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन और एमसीडी (MCD) को इसकी भनक तक नहीं है. एक हफ्ते से हालात बदतर हैं, लेकिन अभी तक इलाके में न तो फॉगिंग कराई गई है और न ही कीटनाशकों का छिड़काव हुआ है. जनता का मानना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह किसी बड़ी बीमारी का रूप ले सकता है.

व्यापार पर पड़ रहा है बुरा असर

एशिया की इस मशहूर मार्केट में दूर-दराज से लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन मच्छरों के खौफ से ग्राहक दुकानों पर रुकने के बजाय जल्दी भागने की कोशिश कर रहे हैं. दुकानदारों ने बताया कि काउंटर पर बैठना सजा जैसा हो गया है. दिन भर हाथों से मच्छरों को उड़ाना और खुजली से परेशान होना उनकी दिनचर्या बन गई है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं सुदान गुरुंग, जिन्होंने बीच मझधार में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का छोड़ा साथ?

जल्द कार्रवाई की मांग

मार्केट एसोसिएशन ने प्रशासन से अपील की है कि सदर बाजार के चप्पे-चप्पे पर सफाई अभियान चलाया जाए और तुरंत फॉगिंग मशीनों को काम पर लगाया जाए. फिलहाल, लोग खुद ही ओडोमॉस या अन्य क्रीम लगाकर अपना बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारी भीड़ और भीषण गर्मी में यह मच्छर किसी महामारी से कम नजर नहीं आ रहे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read