Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘माई रे! ये कैसी ममता?’ छठ का प्रसाद हुआ जूठा तो खौला मां का खून; 4 साल की मासूम को मार डाला

बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा का प्रसाद जूठा करने की बात पर मां ने कथित तौर पर अपनी 4 साल की बेटी सुहानी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

Samastipur

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान प्रसाद जूठा करने से गुस्साए एक मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बच्ची को बेहरमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई मां की इस क्रूरता को देखकर सन्न है. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रसाद खाने की जिद बनी मासूम की जान की दुश्मन

दिल दहला देने वाली यह घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव (वार्ड नंबर 12) की है. यहां रहने वाले राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी घर में छठ पूजा के लिए पारंपरिक पकवान और प्रसाद तैयार कर रही थी. इसी दौरान उनकी 4 साल की छोटी बेटी सुहानी कुमारी ने प्रसाद खाने की जिद शुरू कर दी.

मां ने उसे कई बार रोका, लेकिन बच्ची जिद पर अड़ी रही और उसने प्रसाद छूकर जूठा कर दिया. बस इसी बात पर रीना कुमारी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने गुस्से मेंा आकर अपनी ही कलेजे के टुकड़े की लाठी-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी.

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

मृत बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के बाकी लोग छठ घाट बनाने गए हुए थे, और घर पर सिर्फ मां और बच्चे थे. पिटाई से गंभीर रूप से घायल हुई सुहानी को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पूसा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है. मासूम की इस दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पिता ने अपनी पत्नी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026