Bharat Express DD Free Dish

Sambhal Bus Accident: गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 2 यात्रियों की मौत, 25 से अधिक घायल

Sambhal Ganga Expressway bus accident: संभल के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बहराइच से पंजाब जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई. हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को आई नींद की झपकी हादसे की वजह मानी जा रही है.

Sambhal Bus Accident

Sambhal Bus Accident

Sambhal Bus Accident: जनपद संभल में रविवार सुबह गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बहजोई थाना क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास बहराइच से पंजाब जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए. बस में करीब 150 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश पंजाब मजदूरी करने जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई.

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 126/400 पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार से चल रही थी. इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे बस सड़क पर अनियंत्रित हो गई. यात्रियों ने चालक को आवाज देकर सतर्क करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वह बस पर नियंत्रण पाता, बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई.

दो की मौत, कई यात्री घायल

हादसे में 17 वर्षीय नेहा, पुत्री गंगाराम निवासी गजापुर, बहराइच और 36 वर्षीय पिंटू, पुत्र लल्लन निवासी गोंडा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुरेंद्र कुमार, मुन्नालाल, अनीता, अरविंद, शोभित, गुड्डो, पूनम, गीता, रूमाना, रामादेवी, सत्तू, पंकज, विपिन, ऋषभ सिंह, महेश, दिनेश और छोटू समेत 25 से अधिक यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की तैयारी की गई.

यह भी पढ़ें: 1.62 करोड़ के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार! बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 648 किलो नशे की खेप बरामद

राहत-बचाव में जुटीं पुलिस और एंबुलेंस टीमें

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा, बहजोई थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया.

अधिकारियों ने लिया जायजा, जांच शुरू

सीएमओ डॉ. तरुण पाठक और एएसपी (उत्तरी) मनोज रावत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए. पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस चालक और परिवहन कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन ने घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read