Bihar Chief Minister Samrat Chaudhary: बिहार की राजनीति में बुधवार को एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. पटना स्थित ‘बिहार लोक भवन’ (राजभवन) में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें शपथ दिलाई. नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने के फैसले के बाद सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं.
डिप्टी सीएम और मंत्रिमंडल का स्वरूप (Samrat Chaudhary Cabinet)
नई सरकार में सत्ता संतुलन बनाए रखने के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) कोटे से दो अनुभवी नेताओं ने जिम्मेदारी संभाली है. विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) के रूप में शपथ ली. समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने लगभग दो दशकों तक बिहार की कमान संभाली.
शपथ से पहले पूजा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम (Samrat Chaudhary Swearing-in)
शपथ ग्रहण के लिए निकलने से पहले सम्राट चौधरी ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. सीएम के रूप में उनके नाम की घोषणा होते ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी उनसे मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा.
सम्राट चौधरी का सफर
57 वर्षीय सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर बेहद दिलचस्प रहा है. वे एक राजनीतिक परिवार से आते हैं. उनके पिता शकुनी चौधरी तारापुर से छह बार विधायक रहे और माता पार्वती देवी भी इसी सीट से चुनाव जीत चुकी हैं. 2022 में सम्राट चौधरी ने संकल्प लिया था कि जब तक वे नीतीश कुमार को सत्ता से नहीं हटाएंगे, अपनी केसरिया पगड़ी (मुरैठा) नहीं उतारेंगे. ओबीसी (OBC) समुदाय, विशेषकर कोइरी/कुशवाहा समाज पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें भाजपा के लिए एक रणनीतिक पसंद बनाती है.
ये भी पढ़ें: 19 की उम्र में बर्खास्तगी से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक, जानें सम्राट चौधरी के सियासी सफर की पूरी कहानी
“नीतीश जी के मार्गदर्शन में सीखा काम”
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने उदारता दिखाते हुए कहा कि राजनीतिक तौर पर मैं करीब 30 साल से काम कर रहा हूं, लेकिन नीतीश कुमार जी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है. उनके साथ रहकर ही मैंने सरकार चलाने का अनुभव प्राप्त किया. हम सब मिलकर समृद्ध बिहार के उनके सपने को साकार करेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

