Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘डेंगू-मलेरिया’ के बाद जुबान और आंखें निकाल लेने की धमकी… ‘सनातन’ पर घमासान में साध्वी प्रज्ञा और शेखावत की हुई एंट्री

Sanatan Dharma: भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी चुनौती देते हुए कहा कि सनातन को खत्म करने की किसी की औकात नहीं है.

Sanatana Dharma

उदयनिधि स्टालिन, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर व गजेंद्र सिंह शेखावत

Sanatan Dharma: तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि के डेंगू-मलेरिया से सनातन की तुलना से शुरू हुई सियासी लड़ाई जुबान और आंखें निकाल लेने की धमकी तक पहुंच गई है. सनातन को लेकर जारी विवादित बयानबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने धमकी देते हुए कहा है कि सनातन विरोधियों की जुबान खींच ली जाएगी और आंखें निकाल ली जाएगी. इस विवाद में अब भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की भी एंट्री हुई है.

पिछले दिनों उदयनिधि ने सनातन उन्मूलन सम्मेलन के दौरान कहा था, सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है. कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म ही कर देना चाहिए. उदयनिधि ने कहा था कि हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते, हमें इसे मिटाना है. इसी तरह हमें सनातन को भी मिटाना है. उनके इस बयान के बाद पूरे देश में सियासी बवाल मचा हुआ है.

उदयनिधि के बाद उनकी पार्टी के सांसद ए राजा ने भी विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा, सनातन पर उदयनिधि का रुख नरम था. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की तुलना सामाजिक कलंक वाली बीमारियों से की जानी चाहिए. ए राजा ने कहा था कि सनातन की तुलना एचआईवी और कुष्ठ रोग जैसे सामाजिक कलंक वाली बीमारियों से की जानी चाहिए.

जगदानंद का भी आया बयान

इसके बाद सनातन के खिलाफ बोलने की जैसे होड़ मच गई. राजद नेता जगदानंद सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा, “जो लोग तिलक लगाकर घूमते हैं उन्हीं लोगों ने भारत को गुलाम बनाया है”. हालांकि, अपने बयान से कुछ देर बाद ही जगदानंद सिंह पलट गए. उन्होंने अपनी बात से पलटते हुए मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने शब्द मेरे मुंह में मत डालो. सनातन पर विवाद बढ़ने के साथ ही बीजेपी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है और सोनिया गांधी, लालू यादव और अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं. दूसरी तरफ, बीजेपी नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की तरफ से भी बयानबाजी तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें: सनातम धर्म पर बयान के बाद उदयनिधि स्टालिन का जमकर विरोध जारी, मंदिर और घाटों की सीढ़ियों पर चिपकाए पोस्टर

‘सनातन के खिलाफ बोलने वालों की जुबान खींच ली जाएगी’

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ‘सनातन’ पर विवादित बयान देने वालों को आड़े हाथों लिया. राजस्थान में एक सभा को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि पीएम मोदी जीत गए तो सनातन की ताकत बढ़ जाएगी. सनातन को कमजोर करने के लिए मोदी को हराना है. कांग्रेस के साथी डीएमके के नेता और तमिलनाडु के सीएम के बेटे उदयनिधि स्टालिन सनातन को डेंगू, मलेरिया जैसा बताते हैं. 2जी घोटाले के कारण दो साल जेल में इनके सहयोगी नेता ए.राजा सनातन का अपमान करते हैं. यह हम सबका और हमारे पूर्वजों का अपमान है, जिन्होंने सनातन को मिटाने के लिए आने वाली हर ताकत को मुंह तोड़ जवाब दिया था. उन्होंने कहा, सनातन के खिलाफ बोलने वालों की जुबान खींच ली जाएगी, इसके खिलाफ देखने वालों की आंखें निकाल ली जाएंगी.

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने क्या कहा

वहीं, भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी चुनौती देते हुए कहा कि सनातन को खत्म करने की किसी की औकात नहीं है. उन्होंने उदयनिधि और एक्टर प्रकाश राज को खलनायक बताया और कहा कि जो देश के खिलाफ बोलते हैं, जिनको एहसास ही नहीं है कि हम कहां क्या कर रहे हैं. ऐसे लोग विलेन ही हो सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital