Dalit Man Beaten to Death: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शिवपुरी (Shivpuri) जिले में बोरवेल को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने बुधवार (27 नवंबर) को यह जानकारी दी. खबरों के अनुसार, पीड़ित नारद जाटव मंगलवार शाम को इंदरगढ़ गांव में अपने मामा के घर आया था. पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर गांव के सरपंच और उसके परिवार ने रास्ते और बोरवेल को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते यह हमला किया.
शाम करीब 4 बजे बोरवेल की पाइपलाइन को लेकर बहस छिड़ गई, जिसे नारद ने कथित तौर पर हटा दिया था, जिसके बाद आरोपियों के साथ हिंसक झड़प हुई. पुलिस के अनुसार, सरपंच पद्म धाकड़, उनके भाई मोहर पाल धाकड़, बेटे अंकेश धाकड़ और परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर नारद को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हमलावर तब तक नहीं रुके जब तक नारद ने दम नहीं तोड़ दिया.
घटना का एक कथित वीडियो बुधवार को वायरल हुआ, जिसमें कई लोग जाटव पर बार-बार हमला करते दिख रहे हैं, जबकि जाटव उनसे ऐसा करने से मना कर रहे हैं. हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज ले गई.
पुलिस ने बताया कि नारद के परिवार ने सरपंच और उसके रिश्तेदारों पर पूर्व नियोजित हत्या का आरोप लगाया है और उनके साथ विवादों के इतिहास का हवाला दिया है. कथित तौर पर यह विवाद कई साल पहले शुरू हुआ था, जब सरपंच और नारद के दिवंगत चाचाओं ने मिलकर एक बोरवेल अपने खर्च पर लगवाया था. जाटव परिवार इसका इस्तेमाल अपनी जमीन की सिंचाई के लिए करता था, लेकिन धाकड़ परिवार ने कथित तौर पर अपने होटल तक पानी की सप्लाई करने के लिए जाटवों की जमीन के बीच से एक अनधिकृत दरवाजे का निर्माण करा दिया था.
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने बताया कि सरपंच समेत 8 लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. हत्या की घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्य को अराजकता की ओर धकेल दिया है.
कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा, ‘एक तरफ पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है, लोग बाबा साहब अंबेडकर के विचारों की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा राज में एक दलित भाई को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया. आज भाजपा राज दलितों पर शोषण और अत्याचार का पर्याय बन गया है. प्रदेश के गृहमंत्री विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं और उनके संरक्षण में माफिया फल-फूल रहे हैं.’
भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी अपने कार्यकाल के दौरान विदेश यात्रा पर गए थे और विपक्ष को मुख्यमंत्री की यूनाइटेड किंगडम यात्रा की आलोचना नहीं करनी चाहिए, जिसका उद्देश्य विदेशी निवेश को आकर्षित करना है. उन्होंने कहा, ‘मध्य प्रदेश में कानून का राज है. किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और उन्होंने सख्त जांच के लिए कहा है.’
-भारत एक्सप्रेस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट और…
अयोध्या में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वीएचपी के केंद्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय ने कहा कि…
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी सपा…
NDBA Deepawali festival Patiala House Court Supreme Court judges: नई दिल्ली बार एसोसिएशन के दीपावली…
MLC Election Results: चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चौंकाने वाले नतीजे…
Rajendra Pal Gautam Controversy: यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे…