Bharat Express DD Free Dish

‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, 600 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित होने वाले ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे.

PM Modi

भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए सितंबर का महीना खास रहने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को नई दिल्ली के यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे. तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन 17 से 19 सितंबर तक चलेगा. इसमें दुनिया भर की सेमीकंडक्टर कंपनियां, निवेशक, नीति निर्माता, शोधकर्ता, स्टार्टअप और शिक्षाविद एक ही मंच पर जुटेंगे.

इस बार सम्मेलन की थीम ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ रखी गई है. इसका फोकस सिर्फ चिप बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेमीकंडक्टर से जुड़े पूरे इकोसिस्टम को सामने लाने पर होगा. यानी कच्चे माल से लेकर चिप निर्माण, पैकेजिंग, डिजाइन और आखिर में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया को यहां समझने और देखने का मौका मिलेगा.

भारत के लिए क्यों अहम है यह सम्मेलन?

आज दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन को लेकर अपनी रणनीति मजबूत कर रही हैं. मोबाइल फोन, कार, कंप्यूटर, मेडिकल उपकरण से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रक्षा तकनीक तक—लगभग हर आधुनिक तकनीक में चिप की भूमिका अहम है.

ऐसे समय में भारत भी सेमीकंडक्टर निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. सरकार की नीतिगत मदद, नए निवेश और दुनिया में भरोसेमंद एवं विविध सप्लाई चेन की बढ़ती जरूरत ने भारत के लिए नए अवसर खोले हैं. सेमीकॉन इंडिया इसी बदलाव को दुनिया के सामने रखने का एक बड़ा मंच बनेगा.

आयोजन में इस बार 600 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा लेंगे. इनमें करीब 300 कंपनियां विदेशों से होंगी. पूरी प्रदर्शनी लगभग 15,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में लगाई जाएगी.

कार्यक्रम में 150 से ज्यादा विशेषज्ञ और उद्योग जगत के बड़े नाम अलग-अलग तकनीकी और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. छह देशों के पवेलियन और 12 राज्य सरकारों के पवेलियन भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे. इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत किस तरह सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को देश के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है.

स्टार्टअप और छात्रों को भी मिलेगा बड़ा मंच

सेमीकॉन इंडिया 2026 में सिर्फ बड़ी कंपनियों पर ध्यान नहीं रहेगा. करीब 40 स्टार्टअप अपने नए उत्पाद, तकनीक और आइडिया पेश करेंगे. स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता के जरिए युवा उद्यमियों को निवेशकों और उद्योग जगत के सामने अपनी बात रखने का मौका मिलेगा.

छात्रों के लिए भी स्टूडेंट हैकाथॉन और इनोवेशन शोकेस आयोजित किए जाएंगे. इसका मकसद नई पीढ़ी को सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी नवाचार से जोड़ना है.

वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में जरूरी कौशल, रोजगार और करियर के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यानी इस आयोजन में कारोबार के साथ-साथ उन लोगों पर भी फोकस रहेगा, जो आने वाले वर्षों में इस उद्योग के लिए जरूरी प्रतिभा तैयार करेंगे.

‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ दिखाएगा पूरी कहानी

प्रदर्शनी का एक खास आकर्षण ‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स वैल्यू चेन एक्सपीरियंस’ होगा. इसके जरिए आम आगंतुकों और उद्योग से जुड़े लोगों को यह समझने का मौका मिलेगा कि एक सेमीकंडक्टर चिप का सफर आखिर शुरू कहां से होता है और किस तरह वह अंतिम इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम का हिस्सा बनती है.

इसमें कच्चे माल से लेकर सेमीकंडक्टर निर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अंतिम सिस्टम तैयार होने तक के अलग-अलग चरण दिखाए जाएंगे. इससे सेमीकंडक्टर उद्योग की पूरी तस्वीर एक जगह समझने में आसानी होगी.

एआई से लेकर सप्लाई चेन तक, कई मुद्दों पर चर्चा

तीन दिन के सम्मेलन में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सप्लाई चेन की मजबूती, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइन, सामग्री और उपकरण, रिसर्च एंड डेवलपमेंट तथा स्टार्टअप जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा होगी.

इसके अलावा प्रतिभा विकास और उद्योग के लिए जरूरी स्किल तैयार करने पर भी बात होगी. छह अंतरराष्ट्रीय देशों के साथ विशेष राउंडटेबल बैठकें आयोजित की जाएंगी. इनमें वैश्विक सहयोग और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने के मुद्दे प्रमुख रहेंगे.

महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देने के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग यानी ESDM सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर भी विशेष सत्र होंगे.

ये भी पढ़ें-पीएम के 25 साल के जनसेवा सफर पर MP में सेवा का महाकुंभ,17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read