Urdu Conclave 2026

500 रुपये की चिकन पार्टी बनी मौत की दावत, बेटे के हमले में पिता की मौत, मां गंभीर

Shahdol Chicken Dispute Murder: मध्यप्रदेश के शहडोल में ₹500 के चिकन को लेकर हुए विवाद ने परिवार को उजाड़ दिया. बेटे के हमले में पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं. जयसिंहनगर थाना पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Shahdol Chicken Dispute Murder

Shahdol Chicken Dispute Murder

Shahdol Chicken Dispute Murder: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज ₹500 के चिकन को लेकर हुए मामूली विवाद में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में जिस बेटे के साथ पिता बैठकर प्यार से खाना खाना चाहते थे, उसी बेटे ने आवेश में आकर अपने जन्मदाताओं पर ही जानलेवा हमला कर दिया. इस खूनी संघर्ष में पिता की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं.

मजदूरी की कमाई से मांगी थी खुशियां

जानकारी के मुताबिक, ग्राम देवरा निवासी दउआ (पिता) दिनभर की कड़ी मजदूरी के बाद शाम को घर लौटे थे. परिवार के साथ कुछ अच्छा खाने की मंशा से उन्होंने अपने बेटे अंजू को ₹500 देकर बाजार से चिकन लाने भेजा. बेटा चिकन लेकर घर लौटा, लेकिन इसके बाद माहौल अचानक बिगड़ने लगा.

चिकन बनाने की जिद और खूनी संघर्ष

बेटा खुद चिकन पकाने की जिद करने लगा. इस पर मां यशोदा ने यह कहते हुए मना किया कि वह सही से नहीं बना पाएगा और खाना खराब हो जाएगा. इतनी सी बात पर बेटा आपे से बाहर हो गया और मां से गाली-गलौज करने लगा. विवाद बढ़ता देख जब मां ने विरोध किया, तो गुस्से में अंधे हुए बेटे ने मां पर हमला कर दिया. पत्नी को बचते देख पिता दउआ बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी बेटे ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

पिता ने तोड़ा दम, मां की हालत नाजुक

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ माता-पिता को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान पिता दउआ की मौत हो गई. मां यशोदा की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है.

यह भी पढ़ें: एक सेकंड में भरभराकर गिरा अस्पताल का छज्जा! महिला घायल, CCTV वीडियो ने मचाई सनसनी

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे अंजू के खिलाफ हत्या (धारा 103 BNS) और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read