सहारनपुर में शायान मसूद ने छोड़ी कांग्रेस
UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता इमरान मसूद को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. उनके दामाद शायान मसूद ने कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ लिया है और समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. राजधानी लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.
टिकट विवाद से बदले हालात
कुछ समय पहले इमरान मसूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा था कि उनके परिवार से कोई भी आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगा. इसी बयान के बाद से शायान मसूद के तेवर बदले हुए दिख रहे थे. राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वे कांग्रेस छोड़ सकते हैं. आखिरकार यह अटकलें तब खत्म हुईं जब शायान अपने पिता शाजान मसूद के साथ लखनऊ पहुंचे और सपा में शामिल हो गए.
अखिलेश यादव ने किया स्वागत
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने शायान मसूद को पार्टी का लाल‑हरा पटका पहनाकर स्वागत किया. इस दौरान उनकी सदस्यता का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं.
काजी परिवार का प्रभाव
शायान मसूद पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय काजी रशीद मसूद के पोते हैं. सहारनपुर की राजनीति में काजी परिवार लंबे समय से प्रभावशाली रहा है. इमरान मसूद उनके भतीजे हैं. इस तरह यह परिवार क्षेत्र की राजनीति का अहम केंद्र माना जाता है. लेकिन अब टिकट और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर परिवार के भीतर ही अलग रास्ते बनते नजर आ रहे हैं.
पश्चिमी यूपी में असर
कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हुए शायान मसूद अब अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की तैयारी में हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में सपा से टिकट मिलता है या नहीं. इस बदलाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों पर गहरा असर पड़ने की संभावना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


