Bharat Express DD Free Dish

Punjab: मोगा में शिवसेना के लीडर मंगत राय मंगा की हत्या, 11 साल का बच्चा भी गोलीबारी की चपेट में आया

पंजाब के मोगा में शिवसेना नेता मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हमले में एक बच्चा और एक सैलून मालिक भी घायल हुए हैं. पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

Shiv Sena leader Murder in Moga

Shiv Sena leader Murder in Moga: पंजाब के मोगा जिले में तीन मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने शिवसेना के जिला अध्यक्ष मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी. इस गोलीबारी में 11 वर्षीय एक बच्चा और एक सैलून मालिक भी घायल हो गए हैं.

पंजाब पुलिस ने इस अपराध के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की है और इसमें छह आरोपियों को नामजद किया है. आरोपियों में सिकंदर सिंह, वीरेंद्र कुमार, साहिल कुमार, जग्गा सिंह, शंकर और अरुण सिंगला शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि यह अपराध व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुआ था.

एसपी का बयान, पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक बाल कृष्ण सिंगला ने मीडिया को बताया कि तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और शिवसेना नेता मंगत राय मंगा पर गोलियां चलाईं. इस हमले में 12 वर्षीय एक बच्चा और सैलून मालिक भी घायल हो गए. दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. मंगा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

मंगत राय मंगा की बेटी ने क्‍या कहा?

मंगा की बेटी ने बताया कि उनके पिता गुरुवार रात करीब 8 बजे किराने का सामान खरीदने के लिए घर से निकले थे. बाद में, उन्हें जानकारी मिली कि उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. उन्होंने न्याय की मांग की और कहा कि इसके लिए वे जो भी कदम उठाएंगे, करेंगे.

पुलिस के अनुसार, मंगा का हाल ही में स्थानीय प्रतिद्वंद्वियों से झगड़ा हुआ था और प्रथम दृष्टया गोलीबारी उसी घटना का परिणाम प्रतीत होती है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गांधी ने कहा कि यह मामला लक्षित हत्या या आतंकवाद से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह एक व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है. उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

(न्यूज एजेंसी IANS के इनपुट के आधार पर)



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read