शिवा शर्मा मर्डर केस में नया दावा
Shiva Sharma Death Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. जांच एजेंसियां इस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं. आरोप है कि शिवा शर्मा की लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे ने अपने कुछ करीबी लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस इस मामले में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर दानिश और उसके पूर्व प्रेमी आमिर को गिरफ्तार कर चुकी है.
सहपाठी ने किए चौंकाने वाले दावे
इस बीच मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब श्रद्धा दुबे के पुराने सहपाठी ने उसके बारे में कुछ हैरान करने वाले दावे किए. सहपाठी के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब श्रद्धा का नाम किसी विवादित मामले से जुड़ा हो. उसने बताया कि वह रायबरेली के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा तक श्रद्धा के साथ पढ़ चुका है. बाद में श्रद्धा आगे की पढ़ाई के लिए एक गर्ल्स स्कूल में चली गई थी.
स्कूल के दिनों में भी रहती थी चर्चा में
सहपाठी का कहना है कि श्रद्धा की पढ़ाई में ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी. उसके मुताबिक, वह अक्सर लड़कों के साथ समय बिताती थी और स्कूल के बाहर कई बार उसे लेकर विवाद और झगड़े की स्थितियां बन जाती थीं. छुट्टी के समय स्कूल गेट के आसपास कहासुनी और मारपीट की घटनाओं की बातें भी सामने आती थीं. सहपाठी ने दावा किया कि श्रद्धा की जीवनशैली काफी महंगी थी और वह ऐसे लोगों से नजदीकी बढ़ाती थी जो उसके खर्च और शौक पूरे कर सकें.
मांग पूरी न होने पर खत्म कर देती थी रिश्ता
सहपाठी के अनुसार, श्रद्धा को महंगे रेस्टोरेंट, पार्टियां और प्रभावशाली परिवारों के युवाओं के साथ घूमना पसंद था. उसका कहना है कि यदि कोई युवक उसकी अपेक्षाएं पूरी नहीं कर पाता था तो वह रिश्ता खत्म कर देती थी. इसी वजह से उसके कुछ रिश्तों में तनाव पैदा हुआ था और कई बार विवाद भी हुए थे.
दो युवकों के सुसाइड प्रयास का दावा
सहपाठी ने यह भी दावा किया कि श्रद्धा से जुड़े रिश्तों के कारण दो युवकों ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. उसके अनुसार, बाद में श्रद्धा पहले गर्ल्स स्कूल और फिर लखनऊ चली गई, लेकिन उसके बारे में खबरें अक्सर चर्चा में बनी रहती थीं.
ये भी पढ़ें-CCTV में कैद लंगूर का प्यार, दुकान पहुंचकर दुकानदार को लगाया गले; वायरल वीडियो जीत रहा दिल
परिवार ने खुद को सीमित कर लिया
शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे का नाम सामने आने के बाद उसके परिवार की गतिविधियां भी काफी सीमित हो गई हैं. बताया जा रहा है कि श्रद्धा के पिता एसपी दुबे और परिवार के अन्य सदस्य पिछले करीब दो सप्ताह के दौरान बहुत कम घर से बाहर निकले हैं. परिवार का मुख्य दरवाजा ज्यादातर बंद रहता है और रोजमर्रा की कई जरूरतों के लिए ऑनलाइन सेवाओं का सहारा लिया जा रहा है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



