Bharat Express DD Free Dish

सीतामढ़ी में HIV मरीजों के आंकड़ों पर विवाद, समिति ने बताया सच

Bihar News: सीतामढ़ी जिले में HIV मरीजों के आंकड़े वायरल होने के बाद बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति ने इन्हें भ्रामक बताया. समिति के अनुसार अक्टूबर 2025 तक केवल 200 नए मरीज चिन्हित हुए हैं और 4958 मरीज नियमित इलाज ले रहे हैं.

Bihar News: सीतामढ़ी जिले में HIV मरीजों को लेकर जो आंकड़े सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए, उन्होंने सबको चौंका दिया. दावा किया गया कि जिले में 7400 से ज्यादा HIV पॉजिटिव मरीज हैं और हर दिन 40 से 60 नए मरीज मिल रहे हैं. इन खबरों से स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल मच गई.

समिति का क्या बताया?

अब बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) ने इन आंकड़ों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है. समिति का कहना है कि जो संख्या बताई जा रही है वह वास्तविक से बिल्कुल अलग है.

फिलहाल की स्थिति क्या है?

समिति ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2025-26 में अक्टूबर तक केवल 200 नए मरीज चिन्हित किए गए हैं. जिले के एंटी रेट्रो वायरल थेरैपी (ART) केंद्र में फिलहाल 4958 मरीज नियमित रूप से दवाएं ले रहे हैं. 6900 से ज्यादा मरीजों की संख्या बताना गलत है, क्योंकि यह पिछले 20 वर्षों का कुल डेटा है.

कब शुरू हुआ इलाज केंद्र?

सीतामढ़ी में ICTC (HIV जांच एवं परामर्श केंद्र) की शुरुआत 2005 में हुई थी, जबकि ART केंद्र एक दिसंबर 2012 को स्थापित किया गया. तब से अब तक करीब 6900 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ है. इनमें से कई मरीजों की मृत्यु हो चुकी है, कुछ अन्य जिलों में चले गए हैं और कुछ अन्य शहरों में इलाज जारी रखे हुए हैं.

रोजाना नए मरीज मिलने का दावा गलत

समिति ने कहा कि प्रतिदिन नए मरीज मिलने का दावा भी गलत है. अस्पतालों में रोज वही पुराने रजिस्टर्ड मरीज आते हैं जो अपनी नियमित दवा या परामर्श के लिए पहुंचते हैं. बच्चों में संक्रमण के मामले में समिति ने बताया कि अब तक केवल 188 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं और सभी का इलाज चल रहा है. इनके लिए सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वित्तीय मदद भी दी जा रही है.

ये भी पढ़ें-बांग्लादेश में चुनाव की घोषणा, 8% हिंदू वोटर किस पार्टी का देंगे साथ?

जिम्मेदार रिपोर्टिंग की अपील

वहीं समिति ने मीडिया से अपील की है कि इस संवेदनशील विषय पर जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें. तथ्यहीन खबरें समाज में अनावश्यक डर और भ्रम फैलाती हैं. इसलिए किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले विश्वसनीय आंकड़ों की पुष्टि जरूरी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read