Siwan ASI Murder: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस सतर्क होने का दावा कर रही है. इस बीच, सिवान में एक पुलिस अधिकारी की हत्या की खबर सामने आई है.
क्या है पूरा मामला?
अज्ञात अपराधियों ने सिवान के दरौंदा थाना में नियुक्त एएसआई की निर्मम तरीके से हत्या कर दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने धारदार हथियार से एएसआई (ASI) की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया.
सिविल ड्रेस में थे ASI
पुलिस ने गुरुवार को दरौंदा थाना क्षेत्र के बसांव नवका टोला से एक शव होने की खबर के बाद शव को बरामद किया, जिसकी पहचान एएसआई अनिरुद्ध कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, दरौंदा थाना क्षेत्र में पदस्थापित एएसआई अनिरुद्ध कुमार सिविल ड्रेस में थे.
कैसे हुई हत्या?
बुधवार की रात वह कहीं जा रहे थे, इसी दौरान अपराधियों ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी और उनके शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया. दरौंदा के थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि शव देखने से स्पष्ट है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर इनकी हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया है. हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.
अधिकारियों का क्या कहना है?
अधिकारियों का कहना है कि वे बुधवार की शाम सिविल ड्रेस में ही कहीं जा रहे थे. वे कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए. संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




