Software Engineer Suicide in Bengaluru: लोग कहते हैं हम मॉडर्न हो गए हैं. बेटा-बेटी में फर्क नहीं करते हैं. लोग कहते हैं कि अगर बेटी पढ़-लिखकर काबिल बन जाए तो उसे पुराने जमाने के बंधनों से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन सच्चाई इससे कहीं अलग और ज्यादा डरावनी है. दहेज और प्रताड़ना की घटनाएं आज भी हमारे समाज को झकझोर रही हैं.
हाल ही में ग्रेटर नोएडा का निक्की मर्डर केस तो सुना ही होगा. फिर ऐसा ही एक मामला दक्षिणी बेंगलुरु के सुड्डागुंटेपाल्या से सामने आया है. यहां अपने घर में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव फंदे से लटका मिला. उनके माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली.
इंफोसिस में इंजीनियर रह चुकीं शिल्पा के परिवार वालों का आरोप है कि पति और ससुरालवालों की लगातार मांगों और मानसिक प्रताड़ना के कारण शिल्पा ने यह खौफनाक कदम उठाया. पुलिस ने FIR दर्ज कर उनके पति प्रवीन को गिरफ्तार भी कर लिया है.
शादी में दहेज की भारी मांग
करीब ढाई साल पहले शिल्पा की शादी सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल बताए गए प्रवीन से हुई थी. परिवार के मुताबिक, शादी के समय वर पक्ष ने ₹15 लाख नकद, 150 ग्राम सोने के गहने और घरेलू सामान की मांग की थी. इन शर्तों को मानने के बाद भी दबाव खत्म नहीं हुआ. शिकायत के अनुसार, शादी के बाद भी शिल्पा पर ज्यादा रकम और कीमती सामान लाने का दबाव बनाया जाता रहा.
शिल्पा के चाचा ने बताया, ‘हमने तीन साल पहले उसकी शादी बड़े धूमधाम से की थी. इसके लिए हमें अपना घर तक बेचना पड़ा और करीब ₹40 लाख खर्च करने पड़े. हमने 160 ग्राम सोना भी दिया था. कुछ महीने पहले ही उसने परिवार की मांग पर ₹10 लाख और दिए थे.’
इंजीनियर दामाद निकला पानी पूरी बेचने वाला
परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले प्रवीन ने खुद को बीई और एमटेक ग्रेजुएट बताकर इंफोसिस जैसी कंपनियों में काम करने का दावा किया था. लेकिन पिछले दो साल से वह सड़क किनारे पानी पूरी बेच रहा था. दूसरी ओर, शिल्पा खुद इंफोसिस में एक इंजीनियर के रूप में काम कर रही थी और परिवार को संभाल रही थी. बता दें शिल्पा का डेढ़ साल का एक बेटा है और वह दोबारा गर्भवती भी थी. परिवार का कहना है कि लगातार तानों और दहेज की मांगों ने उसकी हिम्मत तोड़ दी.
Also Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



