उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली के अंदर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश सिंह और उनके साथियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पद की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रश्मि सिंह के पति के साथ बुधवार को मारपीट की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने बताया, “गौरीगंज से सपा विधायक राकेश सिंह मंगलवार से ही थाने के पास धरने पर बैठे थे. इस बीच, बुधवार को दूसरे पक्ष के कुछ लोग गाड़ी लेकर थाने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई.”
एसपी के मुताबिक, हाथापाई में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें लगी हैं और उनका इलाज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. वायरल वीडियो में सपा विधायक राकेश सिंह और उनके साथी गौरीगंज थाना परिसर के अंदर नगर पालिका अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह की पिटाई करते नजर आ रहे हैं.
थाने के अंदर मारपीट होने के बारे में पुलिस अधीक्षक ने कहा, “दोनों ही पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए. इससे पहले कि पुलिस बल कुछ करता, दोनों के बीच हाथापाई हो गई. हालांकि, पुलिस ने तुरंत स्थिति पर काबू पाया. जिस किसी की भी गलती है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
सपा कार्यकर्ता बांके बिहारी सिंह ने भी पुलिस से की गई शिकायत में आरोप लगाया था कि नगर पालिका अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार के पति दीपक सिंह ने उसका अपहरण करके उसे जान से मारने की धमकी दी है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की, तो उन्हें मजबूरन धरने पर बैठना पड़ा.
सपा विधायक ने कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत अमेठी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस महानिरीक्षक से भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल, यह सब उनकी हत्या कराए जाने की साजिश है और चूंकि, वह समझते हैं कि थाना परिसर सबसे सुरक्षित है, इसलिए वह थाने में ही धरने पर बैठे.
शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के सपा विधायक के आरोप पर पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने कहा, “दोनों पक्षों से जो भी सूचना मिली, हमने सभी में कार्रवाई की. इसके बाद अचानक यह (मारपीट) घटना हो गई. हम इसमें भी उचित कार्रवाई करेंगे.” सपा विधायक के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने कहा, “जो वीडियो मैंने देखा है, उसमें विधायक भी दिख रहे हैं. हम जांच करके उन पर भी कार्रवाई करेंगे.”
Onion Price Inflation: प्याज की महंगाई दर 108.09% पहुंच गई है लेकिन दिलचस्प बात यह…
CJP एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके का दिल्ली एयरपोर्ट पर विरोध किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया…
IND vs WI: हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को…
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद…
Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर इंडिया गेट पर…
Weather Update Today: IMD ने 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी…