Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

सपा विधायक की गुंडई, थाने में भाजपा उम्मीदवार के पति से की मारपीट, वीडियो वायरल

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “जो वीडियो मैंने देखा है, उसमें विधायक भी दिख रहे हैं. हम जांच करके उन पर भी कार्रवाई करेंगे.”

Edited by Nitish Pandey

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली के अंदर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश सिंह और उनके साथियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पद की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रश्मि सिंह के पति के साथ बुधवार को मारपीट की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने बताया, “गौरीगंज से सपा विधायक राकेश सिंह मंगलवार से ही थाने के पास धरने पर बैठे थे. इस बीच, बुधवार को दूसरे पक्ष के कुछ लोग गाड़ी लेकर थाने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई.”

दोनों पक्षों के लोगों को लगी चोटें

एसपी के मुताबिक, हाथापाई में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें लगी हैं और उनका इलाज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. वायरल वीडियो में सपा विधायक राकेश सिंह और उनके साथी गौरीगंज थाना परिसर के अंदर नगर पालिका अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह की पिटाई करते नजर आ रहे हैं.

थाने के अंदर मारपीट होने के बारे में पुलिस अधीक्षक ने कहा, “दोनों ही पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए. इससे पहले कि पुलिस बल कुछ करता, दोनों के बीच हाथापाई हो गई. हालांकि, पुलिस ने तुरंत स्थिति पर काबू पाया. जिस किसी की भी गलती है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

सपा कार्यकर्ता बांके बिहारी सिंह ने भी पुलिस से की गई शिकायत में आरोप लगाया था कि नगर पालिका अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार के पति दीपक सिंह ने उसका अपहरण करके उसे जान से मारने की धमकी दी है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की, तो उन्हें मजबूरन धरने पर बैठना पड़ा.

सपा विधायक ने कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत अमेठी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस महानिरीक्षक से भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल, यह सब उनकी हत्या कराए जाने की साजिश है और चूंकि, वह समझते हैं कि थाना परिसर सबसे सुरक्षित है, इसलिए वह थाने में ही धरने पर बैठे.

जांच करके उन पर भी करेंगे कार्रवाई

शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के सपा विधायक के आरोप पर पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने कहा, “दोनों पक्षों से जो भी सूचना मिली, हमने सभी में कार्रवाई की. इसके बाद अचानक यह (मारपीट) घटना हो गई. हम इसमें भी उचित कार्रवाई करेंगे.” सपा विधायक के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने कहा, “जो वीडियो मैंने देखा है, उसमें विधायक भी दिख रहे हैं. हम जांच करके उन पर भी कार्रवाई करेंगे.”

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital