Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में फुल इमरजेंसी: पायलट को दिखी चिंगारी, फेल हुआ स्पाइसजेट का इंजन; टेकऑफ के बाद हवा में क्या हुआ?

SpiceJet Emergency Landing In Delhi: दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट (SG-121) के इंजन में टेकऑफ के तुरंत बाद खराबी आ गई. IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से 150 यात्री बाल-बाल बचे है. जानिए टेकऑफ के बाद हवा में क्या हुआ?

SpiceJet Emergency Landing Delhi IGI Airport

SpiceJet Emergency Landing In Delhi: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लेह (Leh) जा रहे स्पाइसजेट (SpiceJet) के एक विमान में हवा में ही बड़ी तकनीकी खराबी आ गई. टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद बोइंग 737 एयरक्राफ्ट के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया. हालांकि, पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई, जिससे विमान में सवार करीब 150 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई.

टेकऑफ के बाद हवा में क्या हुआ?

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह स्पाइसजेट की फ्लाइट नंबर SG-121 ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी. सूत्रों के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एयरक्राफ्ट के दूसरे इंजन (Engine No. 2) में तकनीकी खराबी आ गई. कुछ रिपोर्ट्स में इंजन से चिंगारियां निकलने की बात भी सामने आई है.

क्रू मेंबर्स और पायलट को तुरंत इस गंभीर खराबी का पता चल गया. बिना कोई जोखिम लिए, पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस दिल्ली मोड़ने का फैसला लिया.

एयरपोर्ट पर घोषित हुई ‘फुल इमरजेंसी’

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ (Full Emergency) घोषित कर दी गई. रनवे पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड (दमकल गाड़ियां), मेडिकल टीम और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर तैनात कर दिया गया. एटीसी की प्रायोरिटी क्लीयरेंस (Priority Landing) के बाद पायलट ने विमान को सफलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया.

ये भी पढ़ें: झारखंड एयर एम्बुलेंस क्रैश: सात की मौत, रांची से दिल्ली जा रहा था विमान

सभी यात्री सुरक्षित, दूसरी फ्लाइट का इंतजाम

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली से लेह जा रहे विमान को एहतियातन वापस बुलाना पड़ा. एयरक्राफ्ट दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर गया है और सभी यात्रियों को नॉर्मल तरीके से बाहर निकाल लिया गया है. एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि कॉकपिट में फायर वार्निंग (आग लगने की चेतावनी) का कोई संकेत नहीं मिला था. फिलहाल, मेंटेनेंस टीम एयरक्राफ्ट की विस्तृत जांच कर रही है और यात्रियों को लेह भेजने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read