श्रीनगर स्थित जम्मू-कश्मीर लाइट इंफैंट्री (JAK LI) रेजिमेंट सेंटर में गुरुवार को गर्व और उत्साह का नज़ारा देखने को मिला. यहां अग्निवीर योजना के पांचवें बैच के 326 युवा सेना में शामिल हुए. इस मौके पर शानदार पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ.
इन युवाओं ने 31 हफ्ते की कड़ी शारीरिक, मानसिक और युद्धक प्रशिक्षण पूरी की है. परेड में उन्होंने तालमेल के साथ कदम मिलाकर शानदार प्रदर्शन किया. समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, ट्रेनिंग स्टाफ और सैकड़ों की संख्या में परिजनों ने हिस्सा लिया.
परिजनों के चेहरों पर छलका गर्व और खुशी
इस मौके पर परेड की समीक्षा कर रहे अधिकारी ने नव-नियुक्त जवानों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इन जवानों को देश सेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ तैयार रहना चाहिए. साथ ही, JAK LI की वीरता और परंपराओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी सौंपी.
एक नव-नियुक्त अग्निवीर ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है. 31 हफ्ते बहुत मेहनत की. 7 महीने बाद माता-पिता से मिलकर बहुत खुशी हो रही है.”
एक अन्य अग्निवीर ने कहा, “परेड में पास आउट होना एक भावुक पल था. मेहनत रंग लाई. अब घर जा रहा हूं. युवाओं को सेना जरूर जॉइन करनी चाहिए.”
एक और अग्निवीर ने कहा, “मुझे खुद पर गर्व है. ट्रेनिंग बहुत कठिन थी, लेकिन अब मैं देश की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हूं. देश में कहीं भी पोस्टिंग मिले, मैं तैयार हूं.”
परिवार वालों की खुशी भी देखने लायक थी. एक अभिभावक ने कहा, “आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है. आने वाली ईद अब दोगुनी खुशी लेकर आएगी.”
वहीं, एक अभिभावक जो कुपवाड़ा से आए थे, बोले, “हम बहुत खुश हैं कि हमारा बेटा पास आउट हुआ. इस परेड को देखना हमारे लिए गर्व की बात है. देश में बेरोजगारी है, लेकिन ऐसे मौकों से उम्मीद मिलती है.”
यह पासिंग आउट परेड न केवल युवाओं के लिए एक नया अध्याय थी, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी एक गर्व का क्षण था.
ये भी पढ़ें: ‘Make In India’ को बढ़ावा: भारत में बनेगा राफेल लड़ाकू विमान की बॉडी, टाटा और डसॉल्ट की ऐतिहासिक साझेदारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

