Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु चुनाव: कांग्रेस-DMK में सीट शेयरिंग डील फाइनल, खड़गे-स्टालिन की फोन पर बात से निकला रास्ता

Tamil Nadu Elections 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और DMK के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बीच बुधवार सुबह हुई फोन बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया.

Congress DMK seat sharing

Tamil Nadu Assembly Elections 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी गठबंधन में सीट बंटवारे की प्रक्रिया अब पूरी तरह साफ हो गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (M. K. Stalin) के बीच बुधवार (4 मार्च) सुबह हुई फोन बातचीत के बाद कांग्रेस और DMK के बीच सीट शेयरिंग पर अंतिम सहमति बन गई.

कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

तय समझौते के अनुसार, कांग्रेस को तमिलनाडु की 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा. इससे पहले कांग्रेस 35 सीटों की मांग कर रही थी, लेकिन बातचीत के बाद उसने कम सीटों पर सहमति जता दी.

सिर्फ विधानसभा सीटें ही नहीं, बल्कि गठबंधन के तहत कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट देने पर भी सहमति बनी है. पिछले कुछ दिनों से दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या और क्षेत्रीय वितरण को लेकर लगातार मंथन चल रहा था, जिसे अब अंतिम रूप दे दिया गया है.

इस रणनीतिक समझौते के साथ ही तमिलनाडु में सत्ताधारी गठबंधन ने आगामी चुनाव के लिए अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है. विपक्ष के मुकाबले मजबूती दिखाने के उद्देश्य से यह कदम अहम माना जा रहा है. जल्द ही इस सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाएगी, जहां दोनों दलों के शीर्ष नेता मंच साझा करेंगे.

तमिलनाडु में चुनाव कब?

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अप्रैल के दूसरे सप्ताह में कराए जा सकते हैं. निर्वाचन आयोग मार्च के दूसरे सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है. मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले ही मतदान प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है.


ये भी पढ़ें: गुजरात में संगठनात्मक विस्तार की रफ्तार तेज, RSS प्रमुख मोहन भागवत का दो दिवसीय दौरा शुरू


साल 2021 के विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने एमके स्टालिन के नेतृत्व में अपने गठबंधन के साथ 157 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की थी. वहीं, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) को 75 सीटों पर जीत मिली थी. इस बार भाजपा, एआईएडीएमके और उनके सहयोगी दल राज्य में मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read