Bharat Express DD Free Dish

एक्टर विजय की रैली में भगदड़ से हाहाकार, तमिलनाडु सरकार से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट

तमिलनाडु के करूर में अभिनेता विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 39 लोगों की मौत और 58 घायल हुए. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट तलब की है.

Karur Stampede

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. मशहूर अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष विजय की रैली में अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 58 लोग घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन आज पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे.

गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट

हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट तलब की है. मंत्रालय ने राज्य सरकार से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जल्द देने को कहा है.

हृदय विदारक घटना- सीएम स्टालिन

मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस घटना को हृदय विदारक बताया और तत्काल इमरजेंसी मीटिंग बुलाई. उन्होंने मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और मेडिकल टीमों को राहत कार्यों की निगरानी के लिए करूर भेजने का निर्देश दिया.

पूर्व मंत्री ने घायलों से मुलाकात की

पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी ने करूर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि 46 लोग प्राइवेट अस्पताल में और 12 लोग सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं. सीएम स्टालिन ने हादसे के तुरंत बाद उन्हें, जिला कलेक्टर और एसपी को मौके पर पहुंचने का आदेश दिया था.

मुआवजे की घोषणा

राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है. साथ ही हाई कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में जांच आयोग का गठन किया गया है.

कब हुआ हादसा?

हादसा उस वक्त हुआ जब विजय प्रचार वाहन से जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उमस भरे मौसम में कई लोग बेहोश होने लगे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे. अचानक शोर मचने से विजय ने भाषण रोक दिया, लेकिन भीड़ में भगदड़ मच गई. कई लोग कुचले गए और मौके पर ही दम तोड़ बैठे.

इसे भी पढ़ें-फरीदाबाद में मैरी कॉम के घर चोरी, CCTV फुटेज में दिखे चोर, पुलिस ने जांच शुरू की

इनलोगों ने गहरा दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read