Bharat Express DD Free Dish

घाटशिला में ट्रैक पार कर रहा हाथियों का झुंड जनशताब्दी की चपेट में , तीन की मौत

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में गुरुवार देर रात बांसतोला रेलवे स्टेशन के पास जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से टकराकर तीन हाथियों की मौत हो गई. हादसे में दो बच्चे हाथी भी शामिल थे. वन विभाग और ग्रामीणों की मौजूदगी के बावजूद दुर्घटना को नहीं रोका जा सका.

पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिला स्थित बांसतोला रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ. यहां रात करीब 1 बजे रेलवे ट्रैक पार कर रहा हाथियों का झुंड जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे तीन हाथियों की मौत हो गई. मरने वाले हाथियों में दो बच्चा हाथी भी शामिल है.

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे डाउन रेलवे लाइन से जनशताब्दी एक्सप्रेस गुजर रही थी. इसी वक्त बांसतोला स्टेशन के कुछ दूरी पर हाथियों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, उसी समय ये हादसा हुआ. ट्रेन के चपेट में हाथी के दो छोटे बच्चे और एक बड़ा हाथी आ गया. तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. शुक्रवार को जेसीबी की मदद से हाथियों का शव रेलवे ट्रैक से हटाया गया.

हाथियों के कारण विभाग को करनी पड़ी मशक्कत

बताया जा रहा है कि कई दिनों से हाथियों का झुंड बांसतोला के आसपास जंगल में विचरण कर रहा था. इस बात से वन विभाग ने रेलवे को अवगत कराया था. कल रात वन विभाग के साथ ग्रामीण मिलकर हाथियों के झुंड को मशाल जलाकर खदेड़ रहे थे.

इसी दौरान हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर जंगल की ओर जाने लगा, तभी ट्रेन की चपेट में तीन हाथी आ गये. सुबह तक जहां मृत हाथी पड़े थे, उसके आसपास झुंड के अन्य हाथी मंडरा रहे थे. हाथी कभी ट्रैक पर आ जाते, कभी पास में जंगल की ओर चले जाते. इससे बचाव कार्य में बाधा आ रही थी.

इस स्थिति से निपटने के लिए बाद में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की मदद से झुंड के हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया.


ये भी पढ़े: ‘ये जो आरा वाला शेरुआ है…हमको फोन करवाया है…’, आखिर किस बात पर भड़क उठे पप्पू यादव?


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read