Bharat Express DD Free Dish

ओम बिरला के चैंबर में क्या हुआ? TMC के 20 बागी सांसदों ने बंद कमरे में कर दिया बड़ा ऐलान

Bengal politics: पश्चिम बंगाल में टीएमसी की संसदीय पार्टी टूट की कगार पर है. 20 बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से मुलाकात कर अलग गुट बनाने का दावा किया और नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में शामिल होने का फैसला किया.

Bengal politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस की संसदीय पार्टी में भारी उथल‑पुथल शुरू हो गई है. रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी के बागी सांसदों की बैठक हुई. बैठक के बाद सांसद काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय और शताब्दी रॉय के नेतृत्व में बागी सांसद लोकसभा स्पीकर से मिलने पहुंचे.

नई पार्टी में विलय का फैसला

सूत्रों की माने तो टीएमसी के बागी गुट ने Nationalist Citizens Party of India में शामिल होने का निर्णय लिया है. इस पार्टी की मौजूदगी असम, त्रिपुरा, बंगाल और उत्तर‑पूर्वी राज्यों में है. बागी सांसदों ने एनडीए को समर्थन देने का भी ऐलान किया.

काकोली घोष दस्तीदार का बयान

काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि हम बीस सांसद स्पीकर से मिले और अलग बैठने की मांग करते हुए पत्र दिया. यह संख्या टीएमसी के कुल सांसदों का दो‑तिहाई से ज्यादा है. उन्होंने कहा कि हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में विलय कर रहे हैं और आगे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के साथ मिलकर काम करेंगे.

सुदीप बंद्योपाध्याय की घोषणा

सुदीप बंद्योपाध्याय ने बताया कि पार्टी में विलय का आवेदन पत्र स्पीकर को हस्ताक्षर सहित सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि लोकसभा 20 जुलाई को खुलेगी और उससे पहले हमारा ब्लॉक तैयार रहेगा. इसके बाद असली तृणमूल कौन है, इसका फैसला अदालत करेगी और हम कोर्ट के आदेश को मानेंगे.

पहले दिया गया पत्र

इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार ने 19 सांसदों का हस्ताक्षरित पत्र स्पीकर को दिया था, जिसमें अलग गुट बनाने और एनडीए को समर्थन देने की बात कही गई थी. अब बागी सांसदों ने अलग पार्टी में शामिल होने का फैसला कर लिया है.

बैठक में मौजूद नेता

रविवार को भूपेंद्र यादव के आवास पर हुई बैठक में बीजेपी सांसद निशिकांत दूबे भी मौजूद थे. इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. बाद में बागी सांसद स्पीकर ओम बिरला से मिलने पहुंचे. तस्वीरों में काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, सुदीप बनर्जी, सयानी घोष, माला रॉय, अरूप चक्रवर्ती, दीपक अधिकारी (देव), यूसुफ पठान, जून माल्या, प्रसून बनर्जी, शर्मिला सरकार, मिताली बाग, अबू ताहिर और खलिलुर रहमान दिखाई दिए. कुल 20 सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की.

अभिषेक बनर्जी की अपील

दूसरी ओर, अभिषेक बनर्जी ने अलग गुट को मान्यता न देने की मांग की. उनके पत्र को सांसद कार्ति झा आजाद और सागरिका घोष ने स्पीकर को सौंपा. उन्होंने कहा कि यह संविधान और कानून के खिलाफ है.

ये भी पढ़ें-गौवंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का संकल्प: जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के नेतृत्व में 81 दिवसीय ‘गविष्टि’ यात्रा नोएडा पहुंची

सौगत रॉय का क्या कहना है?

टीएमसी के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने कहा कि ये लोग पार्टी छोड़ चुके हैं और बीजेपी से मिलना कोई आश्चर्य नहीं है. उन्होंने कहा कि हमने एनडीए के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और उसमें शामिल होना गलत है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read