Bharat Express DD Free Dish

ट्रंप-पीएम मोदी ने फोन पर की बातचीत, मिडिल ईस्ट संकट और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर

US Israel Iran conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर बात की. दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा पर जोर दिया.

US Israel Iran conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फोन पर पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर चर्चा की. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया. यह बातचीत 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद पहली बार हुई है. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति से उनकी बातचीत हुई और दोनों ने मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति पर विचार साझा किए.

मोदी ने कहा कि भारत तनाव कम करने और जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है. उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने की अहमियत पर जोर दिया और बताया कि दोनों देशों ने शांति और स्थिरता के प्रयासों को लेकर संपर्क में रहने पर सहमति जताई.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर चर्चा

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी पुष्टि की कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बात की. ट्रंप ने पहले सोशल मीडिया पर कहा था कि ईरान को इस मार्ग को खोलने के लिए दी गई समयसीमा बढ़ा दी गई है. साथ ही ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर संभावित हमले को पांच दिन के लिए टाल दिया गया है.

जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री की बातचीत

इससे पहले भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 23 मार्च को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की थी. दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया संघर्ष के वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर चर्चा की. ऊर्जा सुरक्षा इस बातचीत का मुख्य विषय रहा. जयशंकर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर संकट के प्रभावों और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ.

खाड़ी देशों के राजदूतों से मुलाकात

जयशंकर ने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के सदस्य देशों सऊदी अरब, यूएई, ओमान, कतर, बहरीन और कुवैत के राजदूतों से भी मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने भारत की ऊर्जा सुरक्षा चिंताओं और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की. भारतीय समुदाय को दिए जा रहे सहयोग के लिए उन्होंने इन देशों का आभार जताया.

ये भी पढ़ें-कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; राहुल-प्रियंका पहुंचे

तेल और गैस की कीमतों में उछाल

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजार पर साफ दिख रहा है. तेल और गैस की कीमतों में तेजी से उछाल दर्ज किया गया है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अवरुद्ध होने से ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है. इसी मुद्दे पर जयशंकर ने श्रीलंका और जर्मनी के विदेश मंत्रियों से भी बातचीत की. भारत ने दोहराया कि वह अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर क्षेत्रीय शांति और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करता रहेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read