Bharat Express DD Free Dish

दो शूटर्स गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद, वसूली रैकेट का भंडाफोड़

दिल्ली के रंहाला इलाके में बाइक सवार अपराधियों द्वारा फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की वेस्ट रेंज-1 टीम ने बड़ी कार्रवाई की.

extortion racket busted

वसूली रैकेट का भंडाफोड़

दिल्ली के रंहाला इलाके में बाइक सवार अपराधियों द्वारा फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की वेस्ट रेंज-1 टीम ने बड़ी कार्रवाई की. 2 जनवरी 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर अमन उर्फ शानू (21) और शहबाज (24) को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपी विकास नगर, दिल्ली के निवासी हैं और जेल में बंद गैंगस्टर सैफ अली के गिरोह से जुड़े हुए हैं.

गुप्त सूचना के मुताबिक, आरोपी द्वारका की ओर जा रहे थे. इंस्पेक्टर मनजीत और उनकी टीम ने नजफगढ़ नाले के पास आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की. टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया. तलाशी में अमन के पास से इटली निर्मित पिस्तौल, देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि शहबाज के पास से अमेरिका निर्मित पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस मिले.

जांच में पता चला कि शहबाज पहले नशे का आदी था और सांसी समुदाय से ड्रग्स खरीदता था. उसने गैंगस्टर सैफ अली के साथ मिलकर वसूली के लिए गोलीबारी की साजिश रची थी. वहीं, अमन, जो सैफ अली का चचेरा भाई है, 10वीं कक्षा में फेल होने के बाद अपराध की दुनिया में आ गया. उसने जेल में सैफ से मुलाकात कर वसूली रैकेट चलाने की योजना बनाई. सैफ अली, जो हत्या के आरोप में जेल में बंद है, ने इस गिरोह को जेल से ही ऑपरेट किया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध हथियार, पांच जिंदा कारतूस और एक बजाज पल्सर बाइक जब्त की है. क्राइम ब्रांच अब इस गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति चेन की जांच में जुटी है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read