Bharat Express DD Free Dish

भारतीय नागरिकों के लिए UAE का वीज़ा ऑन अराइवल नियम हुआ और व्यापक, नई दिल्ली स्थित दूतावास ने बताया द्विपक्षीय संबंधों में बड़ा कदम

संयुक्त अरब अमीरात ने भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा ऑन अराइवल नीति का विस्तार किया है. अब ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर के वैध रेज़िडेंस परमिट धारक भारतीय यात्री यूएई के सभी प्रवेश बिंदुओं पर यह सुविधा ले सकेंगे.

भारत में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा ऑन अराइवल नीति के विस्तार को द्विपक्षीय सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है.

संशोधित नियमों के अनुसार, अब ऐसे भारतीय पासपोर्ट धारक जिन्हें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर का वैध रेज़िडेंस परमिट प्राप्त है, वे UAE के सभी प्रवेश बिंदुओं पर वीज़ा ऑन अराइवल सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

यह सुविधा पहले से मौजूद उस प्रावधान में जुड़ गई है, जिसके तहत अमेरिका, यूरोपीय संघ (EU) या यूनाइटेड किंगडम (UK) का वैध वीज़ा, ग्रीन कार्ड या रेज़िडेंस परमिट रखने वाले भारतीय नागरिक वीज़ा ऑन अराइवल के पात्र थे.

यूएई दूतावास ने कहा कि यह पहल दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी. साथ ही यह निर्णय भारतीय यात्रियों के लिए यात्रा को और अधिक आसान और सुविधाजनक बनाएगा.

दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि यूएई भारत के साथ अपने मजबूत रणनीतिक रिश्तों को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह नई वीज़ा नीति उसी दिशा में एक और अहम कदम है. इसके ज़रिए वैश्विक मंच पर भारतीय प्रवासियों और पेशेवरों की बढ़ती भूमिका को भी मान्यता दी गई है.

ये भी पढ़ें: युवा पीढ़ी संविधान के स्वाभिमान, सम्मान और रक्षा को संभालने का ले संकल्प: सुदेश कटारिया

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read