रिपोर्टर- अभिषेक
पानी के बिना जीवन की कल्पना असंभव है, लेकिन जब यही बुनियादी जरूरत प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ जाए, तो नागरिकों का सब्र टूटना तय है. महाराष्ट्र के उल्हासनगर कैंप नंबर 4 स्थित प्रभाग क्रमांक 14 में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार पांच दिनों तक पानी की आपूर्ति ठप रहने से परेशान 68 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक ने अनोखे और कठोर तरीके से विरोध दर्ज कराया.
अर्धनग्न होकर दर्ज कराया विरोध
प्रभाग क्रमांक 14 के निवासी राजाराम शंकर पवार ने जल संकट से तंग आकर उल्हासनगर महानगरपालिका के जलापूर्ति कार्यालय में अर्धनग्न अवस्था में पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि बीते पांच दिनों से नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं आ रही थी, जिससे इलाके के नागरिकों का दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया.
राजाराम पवार के मुताबिक, उन्होंने शनिवार, रविवार और सोमवार लगातार तीन दिन जलापूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाए और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल भरे जवाब ही मिले. न तो किसी अधिकारी ने ठोस जानकारी दी और न ही समस्या के समाधान की कोई समयसीमा बताई गई. पवार ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ा.
प्रशासन हरकत में
इस घटना के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया. सोमवार (1 फरवरी) रात संबंधित इलाके में टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति कराई गई, जबकि मंगलवार (2 फरवरी) सुबह नियमित जलापूर्ति बहाल होने का दावा किया गया. हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह केवल अस्थायी राहत है और अगर स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में फिर से जल संकट खड़ा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘बिहार की महिलाएं तो…’, बीजेपी पर आरोप मढ़ते हुए ऐसा क्या बोल गए तेजस्वी यादव, बिहार विधानसभा में मच गया बवाल!
बुनियादी सुविधा के लिए किया आंदोलन
स्थानीय लोगों ने उल्हासनगर महानगरपालिका पर जल वितरण व्यवस्था में बार-बार गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. नागरिकों का कहना है कि जब पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी आंदोलन करना पड़े, तो यह प्रशासनिक विफलता का साफ संकेत है. अब इलाके के लोग जलापूर्ति व्यवस्था में तत्काल और स्थायी सुधार की मांग कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

