Bharat Express DD Free Dish

UP News: जल्दी शादी कराओ वरना…, दूसरी शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

UP News: औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में युवक ने दूसरी शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा कर दिया. शराब के नशे में धुत युवक दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा.

UP News: दूसरी शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

UP News: औरैया जिले में एक युवक ने दूसरी शादी की जिद में ऐसा हंगामा किया कि पूरा गांव सकते में आ गया. मामला अयाना थाना क्षेत्र के भासौन गांव का है जहां अंकुश राठौर नाम का युवक रविवार रात करीब 9 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़ते ही उसने दूसरी शादी करवाने और पैसों की मांग शुरू कर दी. गांववालों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस

थानाध्यक्ष अजय कुमार और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. परिजनों के साथ मिलकर उन्होंने अंकुश को समझाने की कोशिश की. जब परिजनों ने उसे 20 हजार रुपये देने का भरोसा दिलाया तो करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 11 बजे अंकुश नीचे उतरा. पुलिस के मुताबिक युवक शराब के नशे में था और उसे सुरक्षित नीचे उतारकर पूछताछ के बाद परिवार को सौंप दिया गया.

अंकुश ने क्या बताया?

अंकुश ने बताया कि उसने 2018 में बिहार की पुष्पा से शादी की थी और उनकी एक बेटी भी है लेकिन पत्नी पिछले पांच सालों से अहमदाबाद में नौकरी कर रही है और घर लौटने को तैयार नहीं है. कई बार बुलाने पर भी वह यही कहती है कि अंकुश अहमदाबाद आकर रहे. अंकुश का आरोप है कि पत्नी उसे बिल्कुल नजरअंदाज करती है इसलिए वह दूसरी शादी करना चाहता है लेकिन परिवार इसके लिए राजी नहीं है.

इसे भी पढ़ें-भाषाई विविधता हमारी धरोहर, हिन्दी बनी देश की एकता की सेतु: डॉ. दिनेश शर्मा

सोमवार को भी मामला शांत नहीं हुआ. अंकुश घर पर कुल्हाड़ी लेकर बैठा रहा जिससे परिवार के लोग डर गए और परिजन घर छोड़कर बाहर चले गए. अंकुश का कहना है कि वह पुलिस की बात नहीं बल्कि अपने ताऊ के बेटे विकास की बात मानकर नीचे उतरा था. साथ ही उसे अब तक वादा किए गए पैसे भी नहीं मिले हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवक को समझाकर परिवार के हवाले कर दिया गया है लेकिन परिवार अब भी उसके व्यवहार से डरा हुआ है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एकसप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest