Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

UP News: यूपी के महोबा में कंझावला जैसा दर्दनाक हादसा, ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मारने के बाद दो किलोमीटर तक घसीटा, दादा-पोते की मौत

Mahoba Accident: यूपी के महोबा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक ट्रक ने स्कूटी सवार दादा और पोते को बुरी तरह से रौंद दिया. घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है.

फोटो-सोशल मीडिया

Edited by Nitish Pandey

UP News: यूपी के महोबा में शनिवार को कंझावला जैसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दादा और पोते को बुरी तरह से रौंद दिया. इतना ही नहीं ट्रक में फंसी स्कूटी और मासूम को चालक घसीटता हुआ दो किलोमीटर तक ले गया. स्थानीय लोगों ने जब ट्रक पर पत्थर फेंके, जब चालक ने ट्रक रोका, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी. इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है.

मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भीषण सड़क हादसे में दादा और पोते की दर्दनाक मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे के बाद खून से लथपथ दोनों को अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. परिवार में एक ही समय पर दो लोगों की मौत हो जाने के बाद से ही परिवारजन सदमे में हैं और कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं.

बता दें कि हाल ही में दिल्ली के कंझावला में भी एक युवती की स्कूटी कार से टकरा गई थी, इसके बाद कार को रोकने के बजाए आरोपी तेज रफ्तार में कार को भगा ले गए थे, जिसमें पीड़िता अंजलि सिंह फंसी रह गई थी और घसीटते हुए कई किलोमीटर चली गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी.

कानपुर-सागर हाईवे पर हुआ है दर्दनाक हादसा

सूत्रों के मुताबिक, ये भीषण सड़क हादसा महोबा के कबरई रोड कानपुर-सागर हाईवे पर हुआ. बताया गया कि हमीरपुर चुंगी के पास रहने वाले रिटायर्ड अध्यापक 67 वर्षीय उदित नारायण चंसोरिया रोजाना की तरह शनिवार को भी अपने 6 साल के पौते सात्विक को स्कूटी से घुमाने के लिए ले जा रहे थे. वो स्कूटी में बैठकर महोबा से कबरई की ओर जा रहे थे. उसी समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. अनियंत्रित ट्रक ने उदित नारायण को बुरी तरीके से रौंद दिया. वहीं स्कूटी सहित 6 वर्ष का मासूम भी चलते ट्रक में फंस गया. बताया जा रहा है कि अगर चालक ट्रक रोक देता तो शायद मासूम की जान बच सकती थी, लेकिन उसने ट्रक रोकने के बजाए ट्रक तेजी से भगा दिया, जिसमें स्कूटी और दोनों फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि लोगों ने ट्रक को रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन चालक भागने के लिए स्कूटी को घसीटता रहा. इस दौरान स्थानीय लोगों ने ट्रक पर पत्थर मारे. जिसके बाद चालक ने ट्रक को रोका. तब तक स्कूटी में फंसे मासूम की भी मौत हो गई. दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन समेत कई लोग इकठ्ठा हो गए. वहीं जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सीओ सिटी रामप्रवेश राय सहित शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची.

ये भी पढ़ें: UP: हादसे में सफाईकर्मी की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया पथराव, 20 ट्रकों में तोड़फोड़ 

चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित किया

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल खून से लथपथ अवस्था में दादा और पोते को लेकर महोबा जिला अस्पताल पहुंची और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया लेकिन यहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. दादा और पोते की दर्दनाक मौत हो जाने से उसके परिवार में कोहराम मच गया. सभी का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. महोबा एसडीएम जीतेन्द्र कुमार ने बताया कि डंपर के इस टक्कर में दादा और पोते दोनों की हृदयविदारक मौत हो गई. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital