Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP News: हिस्ट्रीशीटर को दबोचने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग, दारोगा को लगी गोली, हाथ की हड्डी में फंसी बुलेट, अस्पताल में भर्ती

Hamirpur: घटना यूपी के हमीरपुर जिले से सामने आई है. एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने पुलिस चौकी प्रभारी को दबिश देने के दौरान गोली मार दी है. इसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है.

फोटो- सोशल मीडिया

Edited by Nitish Pandey

UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हिस्ट्रीशीटर को दबोचने पहुंचे दारोगा पर उल्टे अपराधियों ने ही फायर झोंक दी, जिससे वह बुरी तरह से घायर हो गए. जानकारी सामने आ रही है कि बुलेट उनके हाथ की हड्डी में फंस गई थी. इसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है. घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस चौकी इंचार्ज पर उल्टा ही अपराधी ने फायरिंग कर दी. इससे चौकी इंचार्ज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी ने घायल दरोगा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं सूचना मिलने के तुरंत बाद एसपी घटनास्थल पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार करने के बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स इलाके में तैनात किया गया है.

हिस्ट्रीशीटर के शादी कार्यक्रम में पहुंचने की पुलिस को मिली थी सूचना

जानकारी सामने आ रही है कि, पतारा गांव निवासी शंभू कुशवाहा के घर रविवार को देर शाम पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह अभिषेक और दो अन्य सिपाहियों के साथ पुलिस जीप लेकर दबिश देने गए थे. हिस्ट्रीशीटर के परिवार में शादी कार्यक्रम का आयोजन था. तभी पुलिस को सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर शादी में पहुंचा है. इसी के बाद पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन अपराधी ने उल्टा ही अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इस घटना से शादी वाले घर में हड़कम्प मच गया तो वहीं दारोगा के हाथ में लगी गोली के बाद पुलिस टीम भी सकते में आ गई और आनन-फानन में उनको लेकर अस्पताल पहुंची. हाल ही में पड़ोसी उरई जालौन में एक सिपाही को गोली मारकर हत्या करने के बाद अब हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

ये भी पढ़ें- Gorakhpur: दिव्यांग सफाईकर्मी की नन्हीं बेटी का CM योगी आदित्यनाथ ने कराया अन्नप्राशन, खुशी से झूमा पूरा परिवार

हिस्ट्रीशीटर ने वायरल किया था अवैध असलहा लेकर वीडियो

घायल दारोगा ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अपराधी का अवैध असलहा लेकर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके साथ ही उसके खिलाफ तमाम शिकायतें गांववालों ने दर्ज कराई थी. गांव में एक शख्स ने बताया कि गांव में एक दुकान से इसने 15 हजार रुपये का सामान उधार खरीदा था और उधारी मांगने पर हिस्ट्रीशीटर ने उसके साथ मारपीट की थी. आज उसके गांव में होने की सूचना मिली थी. इसी के बाद उसे पकड़ने के लिए दबिश दी गई थी तभी झाडिय़ों में छिपकर उसने फायरिंग कर दी.

एसपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अपराधी का अवैध असलहे लेकर घूमने का वीडियो वायरल हुआ था. उसके गांव में होने की सूचना पर पतारा पुलिस चौकी प्रभारी तीन सिपाहियों के साथ दबिश देने गांव गए थे जहां गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया गया. उन्होंने जानकारी दी कि दारोगा का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. अब उनकी हालत खतरे से बाहर है.

पुलिस ने इलाके में शुरू की काम्बिंग

घटना के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है. भारी पुलिस बल ने गांव पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए काम्बिंग शुरू कर दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital