Bharat Express DD Free Dish

रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह और सोनू सूद ED की जांच के घेरे में, जानें क्या है मामला?

रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह और सोनू सूद अवैध सट्टेबाजी केस में घिरते हुए नजर आ रहे हैं. ED ने उनसे पूछताछ के लिए समन जारी किया है.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा अब कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें 1xBet नामक अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए समन भेजा है. उथप्पा को 22 सितंबर 2025 को दिल्ली स्थित ED कार्यालय में पेश होने को कहा गया है.

युवराज सिंह और सोनू सूद को भी समन

इसी कड़ी में युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को 23 सितंबर और अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) को 24 सितंबर को दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है. यह मामला अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और काले धन के लेन-देन से जुड़ा है, जिसमें इन हस्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है.

सुरेश रैना और शिखर धवन से भी हो चुकी है पूछताछ

इससे पहले इसी मामले में शिखर धवन और सुरेश रैना जैसे नामी क्रिकेटरों से भी पूछताछ हो चुकी है. धवन से उनके सोशल मीडिया पोस्ट और संदिग्ध लेन-देन को लेकर सवाल किए गए थे जबकि रैना ने अगस्त में अपना बयान दर्ज कराया था. दोनों खिलाड़ियों ने किसी भी गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है.

ED का क्या कहना है?

ED का कहना है कि 1xBet जैसे ऐप्स ने भारत में लाखों लोगों को सट्टेबाजी के जाल में फंसाया और इसके जरिए करोड़ों रुपये का काला धन इकट्ठा किया गया. ये ऐप्स खासतौर पर क्रिकेट सट्टेबाजी और लाइव कैसीनो गेम्स पर फोकस करते हैं जो देश के जुआ कानूनों का उल्लंघन है. हाल ही में लागू हुए ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 के तहत ऐसी गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध है.

इसे भी पढ़ें-हार्दिक पंड्या की नई गर्लफ्रेंड को लेकर चर्चा तेज, रिश्ते की अफवाहों ने सोशल मीडिया पर मचाया धमाल

भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं उथप्पा

रॉबिन उथप्पा, जो 2003 से 2014 तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे और आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर थे अब ED की जांच के घेरे में हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने 1xBet के लिए प्रमोशनल वीडियो में हिस्सा लिया था और ED उनके कॉन्ट्रैक्ट व पेमेंट डिटेल्स की जांच कर सकती है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read